कटनी कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ी। कलेक्टर आशीष तिवारी ने खुद मोर्चा संभालते हुए दूर-दराज से आए 100 से अधिक फरियादियों की शिकायतों को सुना और विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए। बिजली, पानी और भूमि सीमांकन की सबसे ज्यादा शिकायतें जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक मामले भूमि सीमांकन, पेयजल किल्लत, बिजली के भारी बिलों और बिजली आपूर्ति में आ रही समस्याओं से जुड़े रहे। इसके अलावा जर्जर सड़कों, नालियों के निर्माण, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें भी कलेक्टर के सामने आईं। कागजी निराकरण बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को दी चेतावनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने निचले स्तर पर सुनवाई न होने की बात पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए किया गया कागजी निराकरण बर्दाश्त नहीं होगा और लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी और जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित सभी विभागों के प्रमुख मौजूद रहे। कलेक्टर ने अंतर-विभागीय समन्वय से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों की मौके पर ही बैठक लेकर त्वरित समाधान का रोडमैप तैयार करने को कहा।

