मऊ के घोसी कोतवाली क्षेत्र में नदवासराय अंडरपास के पास मंगलवार सुबह टहलने निकलीं दो महिलाओं से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर चेन लूट ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई जब दोनों महिलाएं टहल रही थीं। बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर डराया और उनके गले से चेन व लॉकेट छीन लिया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट भी की गई। पीड़िता चंदा देवी ने बताया कि तीन काले कपड़े पहने बदमाशों ने उनकी कनपटी पर कट्टा लगाकर चेन तोड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की और चेन लेकर फरार हो गए। चंदा देवी के अनुसार, चेन का कुछ हिस्सा बदमाश ले गए, जबकि कुछ हिस्सा उनके पास रह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि नदवासराय अंडरपास के पास दो महिलाएं टहलने निकली थीं, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से चेन और लॉकेट छीन लिया। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना का खुलासा करने के लिए सीओ जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही बदमाशों के भागने के रास्तों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाएं कस्बा खास घोसी क्षेत्र की रहने वाली हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

