मोदी कैबिनेट में देवेंद्र फडणवीस की होगी एंट्री? सीएम ने खुद किया साफ, बोले- लोग चाहते हैं, पर मैं महाराष्ट्र में रहूंगा

मोदी कैबिनेट में देवेंद्र फडणवीस की होगी एंट्री? सीएम ने खुद किया साफ, बोले- लोग चाहते हैं, पर मैं महाराष्ट्र में रहूंगा

Devendra Fadnavis PM Modi Meeting: केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की अटकलों के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को साफ कर दिया कि फिलहाल उनका दिल्ली जाने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह महाराष्ट्र में ही रहेंगे और मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की सेवा करते रहेंगे। फडणवीस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनके केंद्र में मंत्री बनाए जाने और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद में बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद फडणवीस ने इन अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि जब भी वह दिल्ली आते हैं, उनके केंद्र में जाने की चर्चा शुरू हो जाती है, लेकिन इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

फडणवीस ने कहा, “कई लोगों को लगता है कि मुझे दिल्ली जाना चाहिए, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अभी मैं मुंबई में हूं और महाराष्ट्र की सेवा करता रहूंगा।”

‘मैं महाराष्ट्र में हूं और महाराष्ट्र में ही रहूंगा’

केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि ऐसी अटकलें हर बार लगाई जाती हैं, जब वह दिल्ली जाते हैं। उन्होंने इसे बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कुछ लोगों के पास कोई काम नहीं है और वे इस तरह की अटकलें लगाते रहते हैं।

फडणवीस ने कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि वह दिल्ली चले जाएं, लेकिन वह महाराष्ट्र में ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दी गई है और वह ईमानदारी से राज्य की जनता की सेवा कर रहे हैं तथा आगे भी ऐसा करते रहेंगे।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोग चाहे पतंग उड़ाएं, हवा में गुब्बारे छोड़ें या आसमान में महल बनाएं, उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका ध्यान सिर्फ महाराष्ट्र की जिम्मेदारी निभाने पर है।

पीएम मोदी से महाराष्ट्र के विकास कार्यों पर चर्चा की- फडणवीस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक को लेकर फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र से जुड़े कई विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि राज्य की कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता और आवश्यक मंजूरियों की जरूरत है।

फडणवीस ने प्रधानमंत्री के सामने इन परियोजनाओं से जुड़ी जरूरतों को रखा और केंद्र से सहयोग मांगा। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की। इस दौरान महाराष्ट्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए जरूरी पर्यावरणीय मंजूरियों पर चर्चा हुई।

संजय राउत के दावे के बाद तेज हुई थी अटकलें

फडणवीस के दिल्ली जाने और केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलों को हवा शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के बयान से मिली थी। राउत ने दावा किया था कि फडणवीस को जल्द दिल्ली भेजकर मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

राउत ने यह भी दावा किया था कि फडणवीस की जगह चंद्रशेखर बावनकुले को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि, फडणवीस ने अब खुद इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है।

कैबिनेट फेरबदल की चर्चाओं के बीच बढ़ी राजनीतिक हलचल

केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चा के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की। संगठन में कई पदों पर बदलाव किए गए हैं। इसके बाद केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में भी बदलाव की अटकलें तेज हो गईं।

इसी राजनीतिक माहौल में फडणवीस का बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल उनका फोकस दिल्ली की राजनीति पर नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की जिम्मेदारियों पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *