जयपुर में महिला की साजिश: 50 हजार में किराए पर लिए बाउंसर, परिचित को उठवाकर मांगी 40 लाख की फिरौती

जयपुर में महिला की साजिश: 50 हजार में किराए पर लिए बाउंसर, परिचित को उठवाकर मांगी 40 लाख की फिरौती

जयपुर: भांकरोटा क्षेत्र में 40 लाख रुपए की फिरौती के लिए एक व्यक्ति के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने अपने ही परिचित 48 वर्षीय व्यक्ति के अपहरण की साजिश रची और 50 हजार रुपए की सुपारी देकर बाउंसरों के जरिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर रविवार देर रात करणी विहार क्षेत्र से पीड़ित को सकुशल मुक्त करा लिया।

हरियाणा निवासी महिला आरोपी गिरफ्तार

मामले में हरियाणा निवासी सुमन यादव (41), नादोती खेड़ली निवासी विष्णु गुर्जर (22) और मोनू गुर्जर (21) को गिरफ्तार किया गया। ये तीनों वर्तमान में करणी विहार क्षेत्र के रजनी विहार स्थित मोहित कॉटेज में रह रहे थे। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

40 लाख रुपए की फिरौती मांगी

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार, चित्तौड़गढ़ के मंडफिया निवासी पोखरचंद खटीक जयसिंहपुरा स्थित एक सर्विस सेंटर पर अपनी एसयूवी ठीक कराने आए थे। इसी दौरान आरोपी महिला सुमन यादव अपने बाउंसरों के साथ बिना नंबर की गाड़ी में पहुंची और पोखरचंद का अपहरण कर ले गई। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के बेटे ऋत्विज को व्हाट्सएप कॉल कर 40 लाख रुपए की फिरौती मांगी और रुपए न देने पर जान से मारने की धमकी दी।

रातभर शहर में घुमाते रहे

एसीपी दीपक खण्डेलवाल ने बताया कि अपहरण के बाद आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल से सिम निकाल दी। सुमन ने अपने फोन का वाई-फाई जोड़कर पीड़ित के मोबाइल से ही उसके बेटे को फिरौती का कॉल करवाया। बेटे के चित्तौड़गढ़ से जयपुर आने के दौरान आरोपी पीड़ित को मुहाना, मानसरोवर, श्यामनगर और करणी विहार इलाकों में घुमाते रहे और रात होने पर उसे रजनी विहार स्थित मोहित कॉटेज ले गए।

रिवॉल्वर और कारतूस बरामद

पीड़ित के बेटे की पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई सूचना के बाद भांकरोटा थाना पुलिस हरकत में आई। करणी विहार स्थित मकान पर दबिश देकर पोखरचंद को सकुशल मुक्त कराया गया और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बाउंसर विष्णु के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल रिवॉल्वर, 6 कारतूस और 2 खोल बरामद हुए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *