गाजियाबाद के प्रताप विहार में रविवार रात हुई फायरिंग के फरार आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अमन के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी अरुण को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अमन को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि घटना में वांछित आरोपी अमन और अरुण दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने के लिए निकले हैं। सूचना पर विजयनगर पुलिस ने सीएचएसपी स्कूल के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक पर आते दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में अमन के पैर में गोली लगी। यह मुठभेड़ रविवार रात प्रताप विहार की माता कॉलोनी स्थित स्वदेशी चौक पर हुई फायरिंग की घटना से जुड़ी है। मामूली विवाद के बाद दो पक्षों में कहासुनी हुई थी, जो मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। इस घटना में आकाश पुत्र अशोक (26) को गोली लगी थी, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दिल्ली रेफर कर दिया गया। इस मामले में विजयनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 446/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

