छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश हुई। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 9% कम है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा असर मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और उससे लगे क्षेत्रों में बने अवदाब के प्रभाव से बारिश का सिस्टम सक्रिय है। इसके चलते 18 अगस्त को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रायपुर में बादल, गरज-चमक के साथ बारिश रायपुर शहर में आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। अंबिकापुर सबसे गर्म, दुर्ग सबसे ठंडा पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.4°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2°C दुर्ग में रहा। इन इलाकों में हुई ज्यादा बारिश कोरबा में 17 सेमी, कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी, डौंडीलोहारा में 7 सेमी, ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दरीं में 5-5 सेमी बारिश हुई। अगले दो दिन भी बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना बनी रहेगी।

