Agra-Lucknow Expressway पर Bus Accident में 1 यात्री की मौत हुई, 18 लोग घायल

Agra-Lucknow Expressway पर Bus Accident में 1 यात्री की मौत हुई, 18 लोग घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर फतेहाबाद क्षेत्र में एक स्लीपर बस के पलट जाने से एक यात्री की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रविवार देर रात्रि लगभग दो बजे हुई।

पुलिस के अनुसार यह बस चालक को झपकी आ जाने से हुई। पुलिस ने बताया कि बस कानपुर से गुडग़ांव की ओर जा रही थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस और उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम ने बस के शीशे तोडक़र यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भिजवाया।

अधिकारियों ने बताया कि दो घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें डॉ. सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना फतेहाबाद प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि बस कानपुर से गुडग़ांव जा रही थी और उसमें लगभग 50 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि रात करीब दो बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 29 पर चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान बस में सो रहे कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरने से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने बस के शीशे तोडक़र अधिकांश यात्रियों को बाहर निकाला जबकि दो यात्री बस के नीचे फंसे हुए थे जिन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *