भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का जुनून बारिश भी नहीं रोक सकी। सहारनपुर में देर रात से हो रही बारिश के बीच मंगलवार सुबह बागपत से आए अभ्यर्थी भर्ती रैली में शामिल होने पहुंचे। बारिश के कारण मौसम सुहावना रहा, लेकिन मैदान में गीली जमीन और फिसलन के बीच युवाओं के लिए दौड़ की चुनौती और बढ़ गई। इसके बावजूद अभ्यर्थियों ने पूरे जोश के साथ दौड़ लगाकर सेना में भर्ती होने के अपने सपने को पूरा करने की कोशिश की। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली का मंगलवार को दूसरा दिन है। पहले दिन हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर, धौलाना और हापुड़ तहसील के अग्निवीर GD अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। पहले दिन करीब 600 अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट में सफल हुए। बारिश के बीच मैदान में पहुंचे युवा देर रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण सुबह स्टेडियम का माहौल अलग नजर आया। बागपत के बड़ौत और खेकड़ा तहसील से आए अभ्यर्थी बारिश के बीच भर्ती स्थल पर पहुंचे। कई युवा बारिश से बचने के लिए रेनकोट और छाते लेकर पहुंचे तो कुछ अभ्यर्थी भीगते हुए ही अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। अभ्यर्थियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती गीले ट्रैक पर दौड़ पूरी करना है। सेना में भर्ती होने के लिए महीनों से तैयारी कर रहे युवाओं का कहना है कि मौसम चाहे जैसा हो, उनका लक्ष्य सेना में शामिल होना है। एक राउंड में करीब 100 युवा भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत दौड़ से हो रही है। एक राउंड में करीब 100 अभ्यर्थियों को दौड़ में शामिल किया जा रहा है। दौड़ पूरी करने के बाद बायोमेट्रिक, फिजिकल फिटनेस और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मेडिकल के लिए अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। 25,920 अभ्यर्थी होंगे शामिल सहारनपुर में आयोजित यह रैली उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 की भर्ती के लिए होने वाली अग्निवीर रैलियों की सीरीज की पहली रैली है। इसमें ARO मेरठ के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के CEE पास 25,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे। करीब 89 हजार युवाओं ने CEE परीक्षा दी थी, जिनमें से सफल अभ्यर्थियों को रैली के लिए बुलाया गया है। रैली में अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली के युवा शामिल हो रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया 4 सितंबर तक चलेगी।

