रेप के मामले में सजा काट रहे कैदी की सोमवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। कैदी को सीने में दर्द की शिकायत पर जिला जेल से जेएलएन जिला हॉस्पिटल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मजिस्ट्रेट और परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया और शव परिजनों को सौंपा गया। जिला जेल के डिप्टी जेलर राजमेंद्र विश्नोई ने बताया- सोमवार की सुबह करीब 5 बजे कैदी लादूराम पुत्र प्रभुराम, निवासी जयपुर ने सीने में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उसे इलाज के लिए जेएलएन जिला हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। 12 अगस्त को ही नागौर जेल लाया गया था
डिप्टी जेलर राजमेंद्र विश्नोई ने बताया कि लादूराम को 12 अगस्त को ही नागौर जिला कारागृह लाया गया था। वह धारा 363, 366 और 376(रेप) के मामले में सजा काट रहा था। उसे इस मामले में 7 साल से ज्यादा की सजा हुई थी। कैदी की मौत के बाद नियमानुसार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।

