जयपुर में CISF कैंपस के पास बम मिलने से मची अफरा-तफरी, पुलिस ने पहुंचकर ऐसे टाला बड़ा खतरा

जयपुर में CISF कैंपस के पास बम मिलने से मची अफरा-तफरी, पुलिस ने पहुंचकर ऐसे टाला बड़ा खतरा

जयपुर के आमेर इलाके में सोमवार सुबह CISF कैंपस के पास जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। खातीवालों की ढाणी, वार्ड नंबर 148 में काम के दौरान एक स्थानीय महिला की नजर बम जैसी दिखने वाली चीज पर पड़ी। महिला ने तुरंत अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और उस संदिग्ध वस्तु की जांच शुरू की।

खेत के कचरे में पड़ा था बम

आमेर थानाधिकारी के अनुसार, गांव के खेत में पड़े कचरे के बीच यह बम मिला था। सुबह करीब साढ़े 10 बजे वहां से गुजर रही महिला ने सबसे पहले इसे देखा। उसने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। परिवार और आसपास के लोगों ने जब संदिग्ध वस्तु को देखा तो घबरा गए। इसके बाद पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बम के आसपास जमा भीड़ को वहां से हटाया।

8 मिनट में पहुंची पुलिस टीम

डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी सुबह करीब 11:05 बजे मिली थी। इसके बाद सिर्फ आठ मिनट बाद पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने संदिग्ध वस्तु की जांच की। जांच के बाद बम की पुष्टि हुई तो तुरंत बम निरोधक टीम को बुलाया गया। इस दौरान आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया और बम को डिस्पोज करने की तैयारी शुरू की गई।

दूर ले जाकर गड्ढे में किया डिस्पोज

बम निरोधक टीम ने संदिग्ध बम को भीड़ वाले इलाके से दूर ले जाने के बाद सुरक्षित तरीके से डिस्पोज किया। इसके लिए सुनसान जगह पर मिट्टी में गहरा गड्ढा खोदा गया और उसमें बम को डिस्पोज किया गया। इस दौरान काफी तेज धमाका हुआ। अधिकारियों के अनुसार, बम को दोपहर करीब 2 बजे दूसरे स्थान पर ले जाकर डिस्पोज किया गया। इससे पहले मौके पर मौजूद लोगों को वहां से हटा दिया गया था, ताकि किसी तरह का खतरा न रहे।

CISF कैंपस के पास बम मिलने से पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता

बम डिस्पोज किए जाने के बाद तत्काल खतरा टल गया। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जिंदा बम खेत के कचरे तक कैसे पहुंचा और इसे वहां कौन लेकर आया था। मामले में आमेर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *