श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र में पांच बच्चों की 40 वर्षीय मां के घर से चले जाने का मामला सामने आया है। पति शिवकुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी अपने बुआ के बेटे सूरज के साथ गई है। सोमवार दोपहर 3 बजे के बाद पति ने गिलौला थाने में तहरीर देकर पत्नी की तलाश कराने और उचित कार्रवाई की मांग की। शिवकुमार के मुताबिक, बीते गुरुवार रात उनके बेटे ने बताया कि मां घर में नहीं हैं। तलाश करने पर जानकारी मिली कि महिला बोलेरो में बैठकर घर से गई थी। पति का आरोप है कि वह सूरज के साथ गई है। सूरज नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है और फिलहाल चंडीगढ़ में काम करता है। छह महीने से संपर्क में होने का आरोप
शिवकुमार ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब छह महीने से सूरज के संपर्क में थी। हालांकि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह घर छोड़कर चली जाएगी। पति का आरोप है कि महिला घर से करीब तीन लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और कुछ नकदी भी साथ ले गई है। शिवकुमार मुंबई में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और परिवार पर बैंक का कर्ज भी है। पांच बच्चों की जिम्मेदारी परिवार पर आई
महिला के घर से चले जाने के बाद पांच बच्चों की जिम्मेदारी परिवार पर आ गई है। पति के अनुसार सबसे छोटा बेटा चार साल का है, जबकि बड़ी बेटी की शादी करीब दो साल बाद होनी है। मां के घर से जाने के बाद बड़ी बेटी पढ़ाई के साथ खाना बनाने और मवेशियों की देखभाल का काम भी कर रही है। पति ने कहा- बच्चों से एक बार बात कर लो
शिवकुमार ने पत्नी से अपील की है कि वह जहां रहना चाहती है, रह सकती है, लेकिन एक बार घर लौटकर बच्चों से बात कर ले। उन्होंने पत्नी से अपने साथ ले जाए गए जेवरात और नकदी वापस करने की भी अपील की। बच्चों ने भी मां के घर लौटने की इच्छा जताई है। सास ने भी लगाए गंभीर आरोप
महिला की सास सुंदरी ने आरोप लगाया कि उनकी बहू के सूरज से करीब छह महीने से संबंध थे। विरोध करने पर वह डराती-धमकाती थी और बच्चों के साथ मारपीट भी करती थी। वहीं, पति ने पत्नी के कथित तौर पर तंत्र-मंत्र के प्रभाव में होने का भी आरोप लगाया है। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच और महिला की तलाश की जा रही है।

