सूरत। डुमस थाना क्षेत्र में बापूजी की वाड़ी स्थित एक फार्म हाउस में देर रात हाईप्रोफाइल बर्थडे पार्टी में शराब की महफिल सजा रहे 8 युवतियों और 14 युवकों को डुमस पुलिस ने पकड़ा। पार्टी में शामिल युवक-युवतियां 21 से 27 वर्ष की उम्र के हैं। इनमें कारोबारी, छात्र, नौकरीपेशा और बेरोजगार भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से विदेशी शराब की बोतलें और शराब पिलाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे अलग-अलग ड्रिंकिंग गेम के बोर्ड और चार्ट बरामद किए।
महंगी लग्जरी कारों से पहुंचे
सहायक पुलिस आयुक्त श्वेता डेनियल ने बताया कि फार्म हाउस में मेकअप आर्टिस्ट युवती की बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में युवक-युवतियां महंगी लग्जरी कारों से पहुंचे थे। मध्यरात्रि के बाद करीब 2.30 बजे डुमस पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर फार्म हाउस पर छापा मारा गया। मौके से शराब की आधा दर्जन बोतलें और बीयर के टीन जब्त कर 8 युवतियों और 14 युवकों को पकड़ा गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फार्म हाउस किसने, कितने रुपए में और किस उद्देश्य से किराए पर लिया था। इसके लिए फार्म हाउस मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
लूडो के पासे से तय होता था किसे कितना पैग
पार्टी में शराब पीने के लिए सामान्य तरीके के बजाय अलग-अलग गेम तैयार किए गए थे। लूडो जैसे बोर्ड पर पासा फेंककर आने वाले अंकों के आधार पर तय किया जाता था कि किसे कितनी शराब पीनी है। बोर्ड पर ‘शॉर्ट ड्रिंक’, ‘दो शॉर्ट ड्रिंक्स’, ‘यंगस्टर्स ड्रिंक’, ‘एवरीवन ड्रिंक’ और ‘लेडीज ड्रिंक’ जैसे नियम लिखे थे।
‘ब्लैक आउट’ और ‘शॉट्स एंड लैडर्स’ गेम भी मिले
पुलिस को मौके से ‘ब्लैक आउट’ नाम का ड्रिंकिंग बोर्ड भी मिला। इसमें ‘टेक ए शॉट’, ‘फिनिश योर ड्रिंक’, ‘गाइज ड्रिंक’, ‘लेडिज ड्रिंक’ जैसे शराब पीने के टास्क के साथ ‘ट्रूथ-डेर’, ‘ग्रुप सेल्फी’ और अन्य गतिविधियों के निर्देश थे। इसके अलावा सांप-सीढ़ी की तर्ज पर तैयार ‘शॉट्स एंड लैडर्स’ बोर्ड भी मिला। इसमें 1 से 49 तक अंक थे। पासा फेंककर आगे बढ़ने के दौरान कुछ खानों में ‘टेक ए शॉट’, ‘गिव ए शॉट’ और ‘ट्रूथ/डेर’ जैसे टास्क दिए गए थे। सीढ़ी मिलने पर ऊपर चढ़ना और सांप के मुंह पर आने पर नीचे उतरना था।
ताश के पत्तों से भी शराब पिलाने के नियम
पार्टी में ‘कार्ड रूलेट’ नाम का चार्ट भी मिला। इसमें ताश के पत्तों के अनुसार शराब पीने के नियम तय थे। इक्का आने पर बाकी लोगों को शराब पीनी थी, रानी आने पर सभी युवतियों को, बादशाह आने पर सभी पुरुषों को और गुलाम आने पर ग्रुप शॉट लेने का नियम था। इसके अलावा पत्ते का रंग पहचानने, किसी को हंसाने या पूरा पैग खत्म करने जैसे टास्क भी रखे गए थे।
नशामुक्ति केंद्र मात्र 50 मीटर दूर
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस फार्म हाउस में शराब पार्टी चल रही थी, वह पुलिस स्टेशन से करीब 300 मीटर और नशामुक्ति केंद्र से महज 50 मीटर की दूरी पर है। फार्म हाउस के बाहर शराब की जली हुई बोतलें भी मिलने की बात सामने आई है।


सूरत | डुमस