चीनी, तेल और प्याज की कीमतों में महंगाई ने बिगाड़ा घरेलू बजट, उधर आलू-टमाटर के दाम पिछले साल से हैं कम

चीनी, तेल और प्याज की कीमतों में महंगाई ने बिगाड़ा घरेलू बजट, उधर आलू-टमाटर के दाम पिछले साल से हैं कम

Edible Oil Prices: कई खाने-पीने की चीजों की कीमतों में बीते साल के मुकाबले इस साल काफी इजाफा देखने को मिला है। खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ने से घरेलू बजट पर दबाव बढ़ा है। उपभोक्ता मंत्रालय द्वारा जारी 16 अगस्त 2026 के अखिल भारतीय दैनिक औसत खुदरा कीमतों के आंकड़ों के मुताबिक, चीनी, प्याज और खाद्य तेल महंगे हुए हैं। जबकि टमाटर और आलू की कीमतों में भारी गिरावट आई है। दालों में भी कुछ के दाम बढ़े हैं, जबकि कुछ के दाम घटे हैं। ऐसे में रसोई का कुल खर्च अलग-अलग वस्तुओं के दाम के हिसाब से प्रभावित हो रहा है।

चीनी और प्याज ने बढ़ाई महंगाई की चिंता

आंकड़ों के अनुसार, चीनी की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 51.51 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। एक साल पहले यह 46.38 रुपये प्रति किलो थी। यानी चीनी सालाना आधार पर 11.06 प्रतिशत महंगी हुई। यदि देश में शहरों के हिसाब से देखें तो 16 अगस्त को रांची में चीनी 57 रुपये प्रति किलो थी, जो एक साल पहले 47 रुपये प्रति किलो थी। वहीं, चेन्नई में यह 54 रुपये, मुंबई में 53 रुपये और दिल्ली में 50 रुपये किलो रही।

प्याज 27% हुआ महंगा

बात करें सब्जियों की, तो प्याज की खुदरा औसत कीमत 35.85 रुपये किलो रही, जो एक साल पहले 28.09 रुपये थी। यानी प्याज 27.63 प्रतिशत महंगा हुआ है। दिल्ली में प्याज का भाव 45 रुपये, चेन्नई में 50 रुपये, रांची में 37 रुपये और मुंबई में 33 रुपये किलो दर्ज किया गया।

खाद्य तेलों ने बढ़ाया किचन का बजट

खाद्य तेलों में सबसे ज्यादा तेजी सूरजमुखी तेल में आई है। इसकी औसत खुदरा कीमत 190.79 रुपये किलो रही, जो एक साल पहले 161.09 रुपये थी। यानी इसमें 18.44 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पाम तेल 14.02 प्रतिशत, सोयाबीन तेल 11.92 प्रतिशत और मूंगफली तेल 10.06 प्रतिशत महंगा हुआ। सरसों तेल की कीमत भी 4.56 प्रतिशत बढ़ी। बात करें सरसों तेल की तो चेन्नई में इसकी कीमत 247 रुपये प्रतिकिलो है, जो सबसे ज्यादा है। इसके अलावा मुंबई में 231 रुपये, दिल्ली में 209 रुपये और रांची में 197 रुपये किलो है।

खाद्य तेल 16/08/2026 के भाव 16/08/2025 के भाव एक साल पहले की तुलना में उतार-चढ़ाव (%)
मूंगफली तेल ₹206.49 ₹187.61 10.06%
सरसों तेल ₹197.39 ₹188.79 4.56%
वनस्पति ₹164.97 ₹157.29 4.88%
सोया तेल ₹164.67 ₹147.13 11.92%
सूरजमुखी तेल ₹190.79 ₹161.09 18.44%
पाम तेल ₹149.90 ₹131.47 14.02%
प्रमुख खाद्य तेलों की अखिल भारतीय दैनिक औसत खुदरा कीमतें

इन खाद्य वस्तुओं के दाम में मिली राहत

इस महंगाई के बीच टमाटर और आलू ने उपभोक्ताओं को राहत दी है। टमाटर की औसत खुदरा कीमत 36.91 रुपये किलो रही, जो एक साल पहले 53.43 रुपये थी। यानी यह 30.92 प्रतिशत सस्ता हुआ। वहीं, आलू की औसत खुदरा कीमत 21.75 रुपये किलो रही, जो एक साल पहले 25.72 रुपये थी। इसमें 15.44 प्रतिशत की कमी आई। बात करें, दालों की तो चना दाल 2 फीसदी, मसूर दाल 1.15 सस्ती हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *