“निर्माण कार्यों में दाल बराबर खाते रहते हो, मुझे सब मालूम है। दो बोरी सीमेंट मांग लेते हो, रेता चुरा लेते हो—मैं सब जानता हूं। लेकिन कम से कम मरे हुए व्यक्ति के पैसे में तो कमीशन मत खाओ, थोड़ी तो मानवता बाकी रखो।” ये बातें पूर्व मंत्री और विधायक संजय पाठक ने पार्षदों से कहीं। इसका वीडियो भी सोमवार को सामने आया है। जानकारी के अनुसार 15 अगस्त को कटनी जिले की बरही नगर परिषद में नवनिर्मित रेन बसेरा का लोकार्पण करने पूर्व मंत्री संजय पाठक पहुंचे थे। इस दौरान संबल योजना के कुछ हितग्राहियों ने विधायक पाठक से शिकायत की। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ दिलाने और राशि स्वीकृत कराने के बदले उनसे भारी कमीशन वसूला जा रहा है। गरीब और पीड़ित परिवारों की शिकायतें सुनकर विधायक पाठक आक्रोशित हो गए। उन्होंने मंच से ही पार्षदों को कड़ी चेतावनी देते हुए भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया। थोड़ी तो मानवता बाकी रखो विधायक संजय पाठक ने कड़े शब्दों में कहा, “15 में से जिस भी पार्षद ने मरे हुए व्यक्ति के 4 लाख रुपए की संबल योजना राशि में से कमीशन खाया है, उसे भगवान भी माफ नहीं करेगा। किसी गरीब, किसी मरे हुए व्यक्ति का पैसा मत खाओ।” उन्होंने पार्षदों पर निर्माण कार्यों में भी छोटी-मोटी चोरियों का आरोप लगाते हुए कहा, “निर्माण कार्यों में दाल बराबर खाते रहते हो, मुझे सब मालूम है। दो बोरी सीमेंट मांग लेते हो, रेता चुरा लेते हो, मैं सब जानता हूं। लेकिन कम से कम मरे हुए व्यक्ति के पैसे में तो कमीशन मत खाओ, थोड़ी तो मानवता बाकी रखो।” दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे किसी पार्टी का हो विधायक ने भ्रष्टाचार के इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी चाहे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। पाठक ने चेतावनी दी, “जिसने भी संबल योजना का पैसा खाया है, अगर वह पकड़ा गया तो उसकी खैर नहीं। चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का, मैं किसी को नहीं छोड़ूंगा।”

