पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार तड़के एक होटल में आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आग सुबह करीब पांच बजे तारापीठ मंदिर नगरी स्थित चार मंजिला एक होटल के भूतल पर लगी।
उस समय होटल में ठहरे ज्यादातर अतिथि सो रहे थे। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल के सूत्रों ने शुरुआत में बताया था कि आग की घटना में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, बाद में पुलिस ने सात लोगों की मौत होने की जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अब मृतकों की संख्या सात हो गई है।’’
होटल अधिकारियों ने दावा किया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
आग से बच निकलने में कामयाब हुई कोलकाता की एक महिला ने होटल के अंदर मची अफरा-तफरी को याद करते हुए बताया, ‘‘अचानक पूरा होटल धुएं से भर गया। हम सांस नहीं ले पा रहे थे और बाहर निकलने का रास्ता ढूंढना मुश्किल हो रहा था।’’
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कुछ श्रद्धालु भी थे, जो प्रसिद्ध काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए इस शहर में आए थे।

