The Hundred 2026: द हंड्रेड के अपनी पहले ही सीजन में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स जोस बटलर की कप्तानी में चैंपियन बनी है। उसने फाइनल में ट्रेंट रॉकेट्स 5 विकेट से हराते हुए खिताब पर कब्जा जमाया है। इस खिताबी जीत पर फ्रैंचाइजी मालिक संजीव गोयनका बेहद खुश हैं और उन्होंने टीम के लिए एक खास संदेश भी लिखा है।
Manchester Super Giants Won The Hundred 2026: द हंड्रेड 2026 के फाइनल में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने धमाकेदार जीत दर्ज करते हुए अपने पहले ही सीजन में खिताब जीत लिया है। लॉडर्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले गए फाइनल में सुपर जायंट्स की भिड़ंत ट्रेंट रॉकेट्स से हुई। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉकेट्स ने निर्धारित 100 गेंदों पर 8 विकेट खोकर 158 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए। इसके बाद जोस बटलर की अगुवाई वाली मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने टिम सेफर्ट की 38 गेंदों पर 72 रन की तूफानी पारी की बदौलत दो गेंद शेष रहते 5 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। द हंड्रेड के इतिहास का ये छठा खिताब है। जबकि अपने पहले ही सीजन में टीम के चैंपियन बनने पर फ्रैंचाइजी मालिक संजीव गोयनका खुशी से फूले नहीं समां रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने टीम को एक खास संदेश भी दिया है।
‘जोस और हर उस खिलाड़ी को बधाई’
संजीव गोयनका ने एक्स पर अपनी पोस्ट में टीम के खिताब जीतने की तस्वीर के साथ अपने संदेश में लिखा, ‘अपने पहले ही सीजन में चैंपियंस मैनचेस्टर सुपर जायंट्स! लॉर्ड्स में यह क्या शानदार रात रही, सुपर जायंट्स परिवार में हम सभी के लिए गर्व का पल था। पहले गेम से लेकर आखिरी गेम तक यह टीम की मेहनत थी।
टिम, क्या पारी थी। नूर गेंद और विकेट के साथ एक शानदार स्पेल, जब हमें उनकी जरूरत थी। जोस ने पूरे सीजन में आगे बढ़कर लीड किया है और जिस तरह से पूरी टीम नॉकआउट में एक साथ आई, उसी ने इस सीजन को बदल दिया। जोस और हर उस खिलाड़ी को बधाई, जिन्होंने इसे मुमकिन बनाया। हमारे सपोर्टर्स को खास धन्यवाद, आपने इस टीम को हर तरह से आगे बढ़ाया। यह आपके लिए है।
मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने जीता फाइनल
मैच की बात करें तो ट्रेंट रॉकेट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 100 गेंदों पर 8 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 158 रन लगाए। एनेयूरिन डोनाल्ड ने सर्वाधिक 38 रन, लेविस ग्रेगोरी ने 32 रन और बेन डकेट ने 31 रन की पारी खेली। वहीं, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए नूर अहमद ने सर्वाधिक 3 विकेट और सोनी बेकर ने 2 विकेट लिए।
टिम सेफर्ट ने महज 38 गेंदों पर जड़े 72 रन
159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की ओर से टिम सेफर्ट ने सबसे ज्यादा महज 38 गेंदों पर 72 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 4 चौके लगाए और जीत की राह आसान कर दी। इसके बाद पॉल वॉल्टर ने 22, जोस बटलर ने 23 और लुस डु प्लॉय ने नाबाद 27 रन की पारी खेलते हुए सुपर जायंट्स को दो गेंद शेष रहते शानदार जीत दिलाई।
Sports – Patrika | CMS



