प्रयागराज में सोमवार सुबह करीब 4 बजे कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश के बाद सुबह से आसमान में काले घने बादल छाए हुए हैं। एक दिन पहले दिन में तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई थी, लेकिन रविवार शाम से ही मौसम बदलने लगा था। देर रात बादल छाने के बाद भोर में हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। कई इलाकों में जलभराव सुबह हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई। सिविल लाइंस, निरंजन डॉट पुल, जॉर्ज टाउन, नया बस अड्डा, सीएमपी कॉलेज के सामने, गोविंदपुर और दलीगंज समेत कई स्थानों पर सड़क पर पानी भर गया। इससे सुबह के समय राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देखें तस्वीरें…… 32 डिग्री तक रहेगा तापमान मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह से बादल छाए रहने के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग ने शाम तक एक बार फिर मौसम बदलने का अनुमान जताया है। तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश का दौर दोबारा शुरू हो सकता है।


