घर से सैर पर निकले व्यक्ति की हादसे में मौत:रोहतक में अज्ञात गाड़ी ने मारी टक्कर, सड़क किनारे पड़ा मिला मृतक

घर से सैर पर निकले व्यक्ति की हादसे में मौत:रोहतक में अज्ञात गाड़ी ने मारी टक्कर, सड़क किनारे पड़ा मिला मृतक

रोहतक के गांव हसनगढ़ निवासी व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पाकर सांपला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मामले में बड़े भाई की शिकायत पर केस दर्ज किया। मृतक की पहचान गांव हसनगढ़ निवासी करीब 44 वर्षीय नितेश के रूप में हुई, जो सुबह करीब 3 बजे घर से सैर करने के लिए निकला था। लेकिन जब काफी देर तक वह नहीं लौटा तो नितेश का बड़ा भाई नवीन उसे खोजने के लिए गया, जिसे नितेश सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ा मिला। वह नितेश को अस्पताल लेकर गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। ढाबे के पास पड़ा था नितेश
नवीन ने बताया कि उसका छोटा भाई नितेश एनएच 334बी पर निर्मल ढाबा के पास पड़ा था, जिसका किसी गाड़ी के साथ एक्सीडेंट हो गया था। अज्ञात गाड़ी सवार तेज गति व लापरवाही से गाड़ी चला रहा होगा, जिसके कारण हादसे के बाद वह नहीं रूका और मौके से फरार हो गया। नितेश की नहीं हुई थी शादी
नवीन ने बताया कि वह चार भाई व एक बहन है। नितेश की शादी नहीं हुई थी। वह उसके साथ ही रहता था। नितेश रोजाना सुबह सैर करने के लिए जाता था और कुछ देर बाद ही वापस आ जाता था। लेकिन अब नितेश कभी वापस नहीं लौटेगा। पुलिस मामले में कर रही जांच
सांपला थाना एसएचओ सुरेंद्र ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *