निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। 13 अगस्त को जहां नगर परिषद सभापति और जिला प्रमुख पद के लिए लॉटरी निकाली गई थी। वहीं अब सोमवार को राजसमंद में नगर परिषद सहित जिले के अन्य नगर निकाय और जिला परिषद वार्डों सहित अन्य पदों के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। सुबह 11 बजे से लॉटरी की प्रक्रिया शुरू होगी जो देर शाम तक चलेगी। राजसमंद के जिला परिषद सभागार में यह लॉटरी निकाली जाएगी। यह रहेगा लॉटरी का पूरा शेड्यूल – जिला परिषद, पंचायत समिति एवं नगरीय निकायों के वार्डों के आरक्षण की लॉटरी 17 अगस्त को निकाली जाएगी। आगामी पंचायतीराज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के आम चुनावों के लिए जिला राजसमंद में जिला परिषद सदस्यों, प्रधान, पंचायत समिति सदस्यों तथा नगरपालिका एवं नगर परिषद वार्डों के वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण की प्रक्रिया लॉटरी के माध्यम से की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के अनुसार आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया 17 अगस्त को जिला परिषद के सभागार में आयोजित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे से जिला परिषद के वार्ड एवं सदस्यों तथा प्रधान एवं पंचायत समिति के वार्ड एवं सदस्यों के लिए आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से नगरपालिका एवं नगर परिषद के वार्ड एवं सदस्यों के लिए वर्गवार आरक्षण व महिला आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आरक्षण प्रक्रिया के तहत संबंधित पदों एवं वार्डों के लिए निर्धारित प्रावधानों के अनुसार वर्गवार आरक्षण एवं महिला आरक्षण का निर्धारण लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।


