Nainar Nagendran Vijay Mother Remark: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय और उनकी मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन विवादों में घिर गए हैं। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की शिकायत की गई है। दरअसल, शिकायत में मामले की जांच कर मानहानि और सार्वजनिक आचरण से जुड़े प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्यक्रम की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की भी मांग की है, ताकि मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य नष्ट या गायब न हों।
विजय के ‘कुट्टी कथाई’ वाले बयान के बाद शुरू हुआ विवाद
बता दें कि विवाद की शुरुआत शनिवार को चेन्नई स्थित बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में नैनार नागेंद्रन के बयान से हुई। यह बयान मुख्यमंत्री विजय के तमिलनाडु विधानसभा में दिए गए भाषण के जवाब में आया था।
विजय ने विधानसभा में ‘कुट्टी कथाई’ यानी छोटी कहानी के जरिए डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन पर तंज कसा था। इसी दौरान उन्होंने पिता शब्द का भी जिक्र किया था।
इसके जवाब में बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा कि जिसे यह जानना है कि उसका पिता कहां है, उसे इसका जवाब विधानसभा में तलाशने के बजाय घर जाकर अपनी मां से पूछना चाहिए।
दरअसल, शिकायतकर्ता ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान को सीएम विजय और उनकी मां के प्रति अपमानजनक और मानहानिकारक बताया है। इसके साथ ही आपत्ति भी जताई है। शिकायत में पुलिस से बयान की जांच कर कानून के तहत उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।
कैसे शुरू हुआ BJP और विजय के बीच विवाद?
बता दें कि यह राजनीतिक बयानबाजी अप्रैल 2026 में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में डीएमके की हार के बाद तेज हुई। विजय ने विधानसभा में एक ‘कुट्टी कथाई’ सुनाते हुए कथित तौर पर उदयनिधि स्टालिन के पिता एमके स्टालिन के संदर्भ में तंज किया था। इसे कोलाथुर सीट पर एमके स्टालिन की हार से जोड़कर देखा गया।
विजय के इस बयान की कई राजनीतिक दलों ने आलोचना की थी। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा था कि भले ही वह अब विधानसभा में नहीं हैं, लेकिन लोगों के दिलों में उनकी जगह बनी हुई है।
नैनार नागेंद्रन के बयान की BJP में भी आलोचना
नैनार नागेंद्रन की टिप्पणी के बाद तमिलनाडु सरकार के साथ-साथ बीजेपी के भीतर से भी विरोध के स्वर उठे हैं। मंत्री राजमोहन ने बयान को असभ्य और अनुचित बताया है। उन्होंने कहा कि विजय लगातार अपने सहयोगियों से राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की अपील करते रहे हैं, खासकर तब जब उन्हें उकसावे और व्यक्तिगत हमलों का सामना करना पड़ रहा हो।
वहीं, तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी नागेंद्रन की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को सरकार और उसकी नीतियों पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी राजनीतिक नेता के परिवार, खासकर उसकी मां को व्यक्तिगत हमले में घसीटना राजनीतिक मर्यादा की सीमा पार करना है।


