PM Narendra Modi ने बधाई संदेशों के लिए Benjamin Netanyahu और अन्य वैश्विक नेताओं का आभार जताया

PM Narendra Modi ने बधाई संदेशों के लिए Benjamin Netanyahu और अन्य वैश्विक नेताओं का आभार जताया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देने के लिए इजराइल के अपने समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू का रविवार को आभार जताया तथा उम्मीद व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी, जिससे नए अवसर पैदा होंगे एवं लोगों के आपसी संबंध और गहरे होंगे। मोदी ने भारत के स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे समेत अन्य नेताओं का भी आभार जताया। नेतन्याहू ने अपने संदेश में भारत और अपने ‘‘प्रिय मित्र’’ प्रधानमंत्री मोदी को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।

इजराइल के प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजराइल ने एक वर्ष के अंतराल पर स्वतंत्रता हासिल की थी और दोनों प्राचीन राष्ट्र अपने लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए मिलकर भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे नवोन्मेष और मित्रता की कोई सीमा नहीं है।’’ मोदी ने प्रधानमंत्री नेतन्याहू की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि ‘‘भारत-इजराइल विशेष रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी जिससे नए अवसर पैदा होंगे तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध और गहरे होंगे।’’ इजराइल के राष्ट्रपति आइजक हर्जोग ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि हम इजराइल और भारत के बीच इस खूबसूरत मित्रता को लगातार मजबूत करते रहेंगे।’’ मोदी ने कहा कि भारत, इजराइल के साथ अपनी मित्रता को बहुत महत्व देता है।

इसे भी पढ़ें: PM Modi का नया इंस्टाग्राम वीडियो वायरल, जानवरों के साथ उनके खास लगाव की लोग कर रहे तारीफ

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने लोगों के हित के लिए रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।’’ प्रधानमंत्री ने शुभकामनाएं देने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का भी आभार जताया। भूटान और नेपाल जैसे पड़ोसी देशों के नेताओं ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दीं। भूटान के प्रधानमंत्री तोबगे ने अपने ‘‘बड़े भाई’’ प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि दोनों देशों की मित्रता और संबंध लगातार प्रगाढ़ होते रहेंगे।

इसे भी पढ़ें: P Chidambaram ने PM Modi के बयान पर किया पलटवार, कहा दिमागी नक्सली होने पर गर्व है

मोदी ने इसके जवाब में कहा, ‘‘हम भूटान के साथ अपनी उस विशेष और स्थायी साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं, जो निरंतर मजबूत हो रही है।’’ नेपाल के प्रधानमंत्री शाह ने मोदी को ‘‘हार्दिक बधाई’’ और शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नेपाल और भारत के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंध, लोगों के आपसी रिश्ते तथा सहयोग आने वाले वर्षों में लगातार मजबूत होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार जताते हुए कहा कि भारत एवं नेपाल के लोगों के कल्याण एवं पारस्परिक समृद्धि के लिए दोनों देशों के बीच बहुआयामी तथा सदियों पुराने सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करने के वास्ते भारत मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, सरकार और भारत के ‘‘मित्रवत लोगों’’ को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता के आठ दशक भारत की सरकार और उसके लोगों की आकांक्षाओं, दृढ़ता तथा अटूट भावना को दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इस शुभ अवसर पर मैं आपसी सम्मान, साझा समृद्धि और दोनों देशों के लोगों के बीच स्थायी मित्रता पर आधारित हमारी घनिष्ठ साझेदारी को और आगे बढ़ाने की मालदीव सरकार की प्रतिबद्धता दोहराता हूं।’’ मोदी ने शुभकामनाओं के लिए राष्ट्रपति मुइज्जू का आभार जताते हुए कहा, ‘‘भारत और मालदीव के बीच मित्रता का संबंध निरंतर मजबूत होता रहे।’’ साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि साइप्रस और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी साझा सिद्धांतों तथा समान हितों पर आधारित है तथा यह साझेदारी भविष्य की योजनाओं से निर्देशित है और दोनों देशों के लोगों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस साझेदारी को और गहरा तथा व्यापक बनाने एवं इसकी पूरी क्षमता का उपयोग करने के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध हैं।’’ मोदी ने उनका आभार जताते हुए कहा कि भारत दोनों देशों के बीच घनिष्ठ एवं व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *