मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला खारी कुआं में रविवार को 62 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पत्नी के घर लौटने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि फांसी लगाने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मृतक की पहचान 62 वर्षीय राज कुमार तोमर पुत्र लालू सिंह तोमर के रूप में हुई है। बताया गया कि राज कुमार ने बाथरूम में केबल के तार के सहारे फांसी लगाई थी। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से भी जानकारी जुटाई। परिजनों के अनुसार, राज कुमार तोमर अपनी पत्नी के साथ पिछले करीब तीन साल से इसी मकान में किराए पर रह रहे थे। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा घर से बाहर रहकर पढ़ाई करता है। घटना के समय राज कुमार की पत्नी अपनी बेटी से मिलने के लिए कंकरखेड़ा गई हुई थीं। इसी दौरान राज कुमार ने बाथरूम में फांसी लगा ली। पत्नी के वापस लौटने के बाद ही इस दुखद घटना का पता चला। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी मकान में करीब सात साल पहले भी एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। इस जानकारी के सामने आने के बाद आसपास के लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही स्थिति और कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


