ग्वालियर शहर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित लधेड़ी इलाके एक 26 वर्षीय नवविवाहिता अचानक खुले पड़े बिजली के तारों की चपेट में आ गई। करंट लगने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। महिला का एक साल भर का बेटा है। घटना शनिवार दोपहर लगभग 12:00 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। 26 वर्षीय पूजा बाथम पत्नी जितेंद्र बाथम घर में काम कर रही थी। उसी दौरान घर में मौजूद एक खुले बिजली के तार से उसका हाथ अनजाने में छू गया। तार में प्रवाहित हो रहे हाई वोल्टेज करंट ने पूजा को बुरी तरह से अपनी गिरफ्त में ले लिया। पूजा की तेज चीख सुनकर घर के दूसरे हिस्से में मौजूद उसके सास-ससुर घबराकर कमरे की ओर दौड़े। उन्होंने देखा कि पूजा करंट से झुलसकर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। घटना के वक्त पूजा का पति जितेंद्र रोजमर्रा के काम से घर से बाहर गया हुआ था। परिजनों ने तुरंत हादसे की जानकारी जितेंद्र को दी। बदहवास हालत में जितेंद्र घर पहुंचा और आनन-फानन में पूजा को इलाज के लिए शहर के 1000 बिस्तरी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान रविवार सुबह तोड़ा दम अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने पूजा की जान बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन करंट का झटका इतना तेज था कि उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। आखिरकार जिंदगी और मौत के बीच झूल रही पूजा ने रविवार सुबह इलाज के दौरान अस्पताल के बिस्तर पर ही अंतिम सांस ली। पूजा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। 5 साल पहले हुई शादी के बाद बसे-बसाए संसार में इस अचानक आए तूफान ने सब कुछ उजाड़ दिया। पुलिस कर रही मामले की पड़ताल घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय हजीरा थाना पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपनी कस्टडी में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कराई।


