पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में शनिवार को ड्यूटी कर रहे दिल्ली नगर निगम के एक सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अनिल कुमार के रूप में हुई है। अनिल सुबह के समय इलाके में अपनी नियमित सफाई की ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अज्ञात हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
परिजन बोले, एक्सीडेंट की खबर देकर बुलाया
अनिल की बहन सुनीता ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि परिवार को शुरुआत में सिर्फ एक कॉल आया था, जिसमें अनिल के एक्सीडेंट होने की बात कही गई थी। लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि अनिल की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई है। परिजनों का कहना है कि अनिल बेहद कम उम्र के थे और चुपचाप ईमानदारी से अपना काम कर रहे थे। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।
#WATCH | Delhi: On the stabbing of MCD sanitation worker Anil Kumar in Kalyanpuri, his sister Sunita says, “I just received a call saying he had met with an accident and I should come here. I came here only to find out that he has been killed, murdered with a knife. He had simply… pic.twitter.com/P6Hnw2bUeT
— ANI (@ANI) August 16, 2026
इसे भी पढ़ें: Mumbai के Navy Nagar में नौसेना कर्मी, उनकी पत्नी और दो बच्चों के शव मिलने से हड़कंप
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस वारदात के बाद दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। भाजपा और आप दोनों ही दलों के नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा की है।
भाजपा विधायक रवि कांत ने कहा कि जब पूरा शहर सो रहा होता है, तब ये कर्मचारी दिल्ली को साफ रखने का काम करते हैं। उन पर हमला पूरे समाज पर हमला है और अपराधी को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, आप विधायक कुलदीप कुमार ने सवाल उठाया कि क्या गरीब आदमी की जान की कोई कीमत नहीं है? उन्होंने शहर में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। इसे भी पढ़ें: Varanasi Airport Firing Incident: सिक्योरिटी चेक के दौरान चली गोली, दो कर्मचारियों के हाथ और पैर पर लगी
पुलिस कर रही है आरोपी की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई हैं। क्राइम सीन से सबूत जुटाए गए हैं और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की कोशिश जारी है। साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि इस हत्या के पीछे क्या वजह थी और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।


