Russia-Ukraine War: यूक्रेन ने मॉस्को क्षेत्र में रातभर 600 ड्रोन से बोला धावा, रूस ने सुबह कीव पर दागी मिसाइलें

Russia-Ukraine War: यूक्रेन ने मॉस्को क्षेत्र में रातभर 600 ड्रोन से बोला धावा, रूस ने सुबह कीव पर दागी मिसाइलें

Russia Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच 2022 से जारी जंग पर ब्रेक लगता नहीं दिख रहा है। दोनों देशों द्वारा एक-दूसरे पर भीषण हमले जारी हैं। इसके चलते दोनों देशों के नागरिकों को भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। इस बीच रविवार को भी दोनों देशों के बीच हमलों का सिलसिला तेज होता नजर आया। यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने मिसाइलें बरसाईं। वहीं, रूस के मॉस्को क्षेत्र में यूक्रेन द्वारा रातभर करीब 600 ड्रोन भेजे गए। दोनों घटनाओं में कई जगहों पर आग लगने और लोगों के घायल होने की सूचना है।

कीव में मिसाइल हमले के बाद कई जगहों पर लगी आग

कीव के मेयर विताली क्लिट्स्को के अनुसार, रूसी सेना ने रविवार तड़के राजधानी कीव पर मिसाइल हमला किया। हमले के बाद शहर के कम से कम दो जिलों में आग लग गई। कीव के सैन्य प्रशासन ने बताया कि हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है।

क्लिट्स्को ने टेलीग्राम पर बताया कि मिसाइलों को मार गिराए जाने के बाद उनका मलबा शहर के उत्तरी हिस्से के एक गैर-आवासीय इलाके में जा गिरा। इससे वहां आग लग गई। इस घटना में कई कारें भी जल गईं।

उन्होंने बताया कि शहर के मध्य हिस्से के दक्षिण में भी एक अन्य स्थान पर आग लग गई। स्थानीय प्रशासन ने आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव दलों को मौके पर भेजा। रॉयटर्स के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कीव में कई जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी गई।

मॉस्को क्षेत्र में 600 ड्रोन का हमला

दूसरी ओर, रूस ने दावा किया कि मॉस्को क्षेत्र को रातभर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले का सामना करना पड़ा। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि शनिवार शाम से रविवार सुबह 6:30 बजे तक करीब 600 ड्रोन मॉस्को क्षेत्र की ओर बढ़े।

सोब्यानिन के मुताबिक, इनमें से 201 ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र में ही नष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस ड्रोन हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन ने हाल के समय में रूस के भीतर लंबी दूरी के ड्रोन हमलों को बढ़ाया है। ऐसे में मॉस्को और उसके आसपास के इलाकों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं रूस की सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन रही हैं।

कीव पर रूसी मिसाइल हमले और मॉस्को क्षेत्र में बड़े ड्रोन हमले की ये घटनाएं ऐसे समय हुई हैं, जब रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में दोनों पक्ष एक-दूसरे के इलाकों में लंबी दूरी के हमले तेज कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *