फर्रुखाबाद में अमृतपुर के तीसराम की मड़ैया गांव में बाढ़ के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। शनिवार देर शाम नाव से घर लौट रहे करीब 22 वर्षीय प्रदीप को नाव से उतरते समय सांप ने पैर में डस लिया। प्रदीप की हालत बिगड़ने पर उसके दोस्त अनुज ने सांप को पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद ग्रामीण घायल प्रदीप और जिंदा सांप को लेकर जिला अस्पताल लोहिया की इमरजेंसी पहुंचे। डिब्बे में सांप को देखकर वहां मौजूद डॉक्टर भी हैरान रह गए। घटना राजेपुर थाना क्षेत्र के तीसराम की मड़ैया गांव की है। गांव में गंगा का बाढ़ का पानी भरा हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों के आवागमन का एकमात्र साधन नाव बनी हुई है। शनिवार देर शाम प्रदीप अपने दोस्त अनुज के साथ नाव से घर लौट रहा था। गांव के पास नाव से उतरते समय बाढ़ के पानी में मौजूद सांप ने प्रदीप के पैर में डस लिया। दोस्त ने सांप को पकड़कर डिब्बे में किया बंद सांप के डसने के बाद प्रदीप की हालत बिगड़ने लगी। उसके दोस्त अनुज ने तुरंत सांप को पकड़ लिया और ग्रामीणों की मदद से उसे एक डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद प्रदीप और डिब्बे में बंद सांप को लेकर ग्रामीण जिला अस्पताल लोहिया पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी में जिंदा सांप देखकर चिकित्सक भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। 10 एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए गए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक अभय श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदीप को 10 एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए गए हैं। उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। उसे अस्पताल में भर्ती कर लगातार निगरानी में उपचार दिया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से उपचार शुरू किया जा सका।


