पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी का शव बीरभूम जिले में तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में रविवार सुबह फंदे से लटका मिला। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि रामपुरहाट के हताताला पाड़ा इलाके में बनर्जी के आवास के पास स्थित पार्टी कार्यालय से एक कथित ‘सुसाइड नोट’ भी बरामद हुआ है।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। सूत्रों ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बनर्जी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस कथित ‘सुसाइड नोट’ में लिखी बातों की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें: Vidya Vahini Yojana से छात्राएं होंगी आत्मनिर्भर, CM Rekha Gupta ने बांटी Cycle, आसान हुई School की राह
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बनर्जी ने 2001 से 2026 तक राज्य विधानसभा में रामपुरहाट निर्वाचन क्षेत्र का लगातार प्रतिनिधित्व किया था। वह विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पूर्ववर्ती सरकार में स्कूली शिक्षा एवं कृषि समेत विभिन्न विभागों के मंत्री भी रहे। उन्होंने 2026 का विधानसभा चुनाव रामपुरहाट सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ध्रुव साहा से 24,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गए थे।
इसे भी पढ़ें: World U20 Championships में भारत ने जीते कुल तीन पदक, पूजा सिंह सातवें स्थान पर रहीं
पार्टी सूत्रों ने बताया कि चुनाव में हार के बाद बनर्जी राजनीति में खास सक्रिय नहीं थे। तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल के पार्टी का जिलाध्यक्ष रहने के दौरान बनर्जी बीरभूम में पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इस साल हुए विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की हार और उसके 15 वर्ष के शासन का अंत होने के बाद पश्चिम बंगाल के राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आया है।
तृणमूल कांग्रेस के कई पूर्व विधायक और नेता भ्रष्टाचार से संबंधित जांच का सामना कर रहे हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या बनर्जी ने आत्महत्या की और यदि ऐसा है तो उन्हें किस वजह से यह कदम उठाना पड़ा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कथित ‘सुसाइड नोट’ की सामग्री से उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में और जानकारी मिलने की संभावना है।


