Aus vs Ban: कैमरन ग्रीन ने ऑस्‍ट्रेलिया में रचा इतिहास, 6 साल बाद बल्ले से आया पहला शतक

Aus vs Ban: कैमरन ग्रीन ने ऑस्‍ट्रेलिया में रचा इतिहास, 6 साल बाद बल्ले से आया पहला शतक

Aus vs Ban 1st Test Day 4: कैमरन ग्रीन ने बांग्‍लादेश के खिलाफ शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। 6 साल पहले ऑस्‍ट्रेलिया के लिए डेब्‍यू करने वाले ग्रीन का घर में ये पहला टेस्‍ट शतक है। 

Australia vs Bangladesh 1st Test Day 4: ऑस्‍ट्रेलिया और बांग्‍लादेश के बीच दो मैचों की टेस्‍ट सीरीज का पहला मुकाबला डार्विन में खेला जा रहा है। इस मैच के चौथे दिन संघर्ष कर रही ऑस्‍ट्रेलिया के लिए कैमरन ग्रीन ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया है। ऑस्‍ट्रेलिया की सरजमीं पर ग्रीन का यह पहला शतक है, जो कि 6 साल बाद आया है। इसके साथ ओवरऑल वेन्‍यू पर उनके शतकों की संख्‍या तीन हो गई है। शतक के बाद वह सिर्फ चार रन बनाकर हसन महमूद की गेंद पर क्‍लीन बोल्‍ड हो गए। ऑस्‍ट्रेलिया की टीम अपनी दूसरी पारी में 284 के स्‍कोर पर ऑलआउट हुई है। इस तरह ऑस्‍ट्रेलिया ने 56 रन की लीड हासिल करते हुए बांग्‍लादेश के सामने महज 57 रनों का लक्ष्‍य रखा है।

मेहदी हसन मिराज ने मारा पंजा

डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में मेजबान ऑस्‍ट्रेलिया की टीम अपनी दूसरी पारी में चौथे दिन 161/4 के स्‍कोर के आगे खेलने उतरी। टीम के खाते में 17 रन ही जुड़े थे कि 178 पर पांचवां झटका एलेक्‍स कैरी के रूप में लगा। वह 30 रन के निजी स्‍कोर पर मेहदी हसन मिराज का शिकार बने। फिर 193 के स्‍कोर पर ब्‍यू वेबस्‍टर (5) भी मिराज का तीसरा शिकार बने। इसके बाद मिराज ने ऑस्‍ट्रेलिया को 207 के स्‍कोर पर कप्‍तान पैट कमिंस को आउट कर बड़ा झटका लगा।

कैमरन ग्रीन और मिचेल स्‍टार्क के बीच 8वें विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी हुई। स्‍टार्क 18 रन के निजी स्‍कोर पर तस्‍कीन अहमद का शिकार बने। फिर 278 के स्‍कोर पर कैमरन ग्रीन को हसन महमूद ने बोल्‍ड करते हुए अपना शिकार बनाया, लेकिन इससे पहले वह अपना तीसरा टेस्‍ट शतक पूरा कर चुके थे। ग्रीन का ऑस्‍ट्रेलिया की सरजमीं पर यह पहला शतक था, जो 2020 में डेब्‍यू के बाद अब जाकर आया है। ऑस्‍ट्रेलिया का आखिरी विकेट 284 के स्‍कोर पर नाथन लियोन के रूप में गिरा। वह 15 रन बनाकर मिराज का पांचवां शिकार बने।

बांग्‍लादेश के सामने रखा 57 रन का मामूली लक्ष्‍य

बता दें कि ऑस्‍ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सिर्फ 198 रन बनाए थे। इसके जवाब में बांग्‍लादेश ने अपनी पारी में 426 रन बनाते हुए 228 रन की बढ़त बनाई। अब ऑस्‍ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 284 रन बनाते हुए बांग्‍लादेश के सामने 57 रन का मामूली लक्ष्‍य रखा है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *