Benjamin Netanyahu: मिडिल ईस्ट में शांति के प्रयास एक बार फिर धराशायी होते नजर आ रहे हैं। दक्षिणी लेबनान पर इजरायल की ओर से किए गए भीषण हवाई हमलों में भारी तबाही हुई है। इन हमलों में तीन बच्चों और महिलाओं सहित कम से कम 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 19 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जून में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए संघर्ष विराम के बाद यह अब तक का सबसे बड़ा तनाव माना जा रहा है।
हमले में उड़े रिहायशी मकान, फैली दहशत
शनिवार सुबह इजरायली लड़ाकू विमानों ने दक्षिणी लेबनान के नबातियेह इलाके को अपना निशाना बनाया। अंसार गांव में एक घर पर बम गिराए गए, जिससे 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें तीन छोटे बच्चे भी थे। इसके अलावा दीर एज-जहरानी इलाके की एक इमारत पर हुए हमले में 4 और लोगों की जान चली गई और 17 लोग बुरी तरह घायल हो गए।
नेतन्याहू का आरोप, हिजबुल्लाह ने तोड़ा सीजफायर
हमलों के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की। नेतन्याहू ने कहा कि हिजबुल्लाह ने सुरक्षा क्षेत्र में गश्त कर रहे इजरायली सैनिकों पर हमला कर सीजफायर का सीधा उल्लंघन किया, जिसमें 3 इजरायली जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
इजरायल ने स्वीकार किया कि उसके हमले में नागरिक भी मारे गए हैं, लेकिन इसके लिए पूरी तरह हिजबुल्लाह को जिम्मेदार ठहराया। इजरायली सेना (IDF) के अनुसार, उनका निशाना हिजबुल्लाह की रदवान फोर्स का कमांडर अली समीर अल-हज हसन था। इजरायल ने आरोप लगाया कि कमांडर ने अपने परिवार और आम लोगों को छुपाने के लिए ‘मानव ढाल’ बनाया, ताकि इजरायल पर बेकसूरों को मारने का आरोप लग सके। अमेरिका ने भी इजरायल की इस बात का समर्थन किया है।
लेबनान ने जताई कड़ी आपत्ति, वार्ता पर संकट
दूसरी तरफ लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने इन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। लेबनानी नेतृत्व का कहना है कि मारे गए लोग कोई सैन्य ढांचा या लड़ाके नहीं थे, बल्कि बेकसूर नागरिक थे। लेबनान का आरोप है कि दोनों देशों के बीच होने वाली शांति वार्ता से पहले इजरायल यह हमला करके दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। वहीं हिजबुल्लाह ने इजरायल पर आक्रामक रूप से तनाव बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि नेतन्याहू अपनी घरेलू राजनीति और चुनावी फायदों के लिए युद्ध को भड़का रहे हैं।
गाजा में भी इजरायली कार्रवाई जारी
लेबनान के साथ-साथ गाजा पट्टी में भी इजरायली सेना के ऑपरेशन लगातार जारी हैं। इजरायली सेना ने पुष्टि की है कि दक्षिणी गाजा के खान यूनिस इलाके में एयरस्ट्राइक के दौरान हमास के कंपनी कमांडर हुजैफा खालिद सुलेमान कवारी को मार गिराया गया है।


