गोरखपुर के आर्मी पब्लिक स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। पूरे स्कूल में सुबह से ही तिरंगे और देशभक्ति का माहौल नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों और शिक्षकों के सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुई। मुख्य अतिथि कर्नल एस. हरिहर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद पूरा स्कूल परिसर राष्ट्रगान से गूंज उठा। कार्यक्रम में स्टाफ ऑफिसर कर्नल देवराज भट्टाचार्य, जीआरडी के अधिकारी, स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. विशाल त्रिपाठी, उपप्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। छात्रों ने बताया आजादी का महत्व कार्यक्रम में छात्र करण तिवारी ने अंग्रेजी और छात्रा समीक्षा नायक ने संस्कृत में भाषण दिया। दोनों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देशप्रेम और देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारियों के बारे में बताया। अंतरसदनीय देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में मनोज पांडे सदन ने पहला और सालरिया सदन ने दूसरा स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। ‘पगड़ी संभाल जट्टा’ ने खूब तालियां बटोरीं बच्चों की नृत्य-नाटिका ‘पगड़ी संभाल जट्टा’ ने सभी का ध्यान खींचा। वहीं, स्कूल द्वारा गोद लिए गए प्राथमिक विद्यालय गिरधरगंज के छोटे बच्चों ने भी शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति देखकर पूरा माहौल तालियों से गूंज उठा। मुख्य अतिथि कर्नल एस. हरिहर ने कहा कि आजादी का मतलब केवल गुलामी से मुक्ति नहीं है। देश और समाज को आगे बढ़ाने के लिए आत्मनिर्भर बनना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता ही असली आजादी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन में रहने, मेहनत करने और देश के लिए कुछ अच्छा करने की अपील की। बच्चों को बांटी गई मिठाई समारोह के दौरान छोटे बच्चों को मिठाई बांटी गई। इसके साथ ही अलग-अलग प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल की हेड गर्ल आकृति सिंह ने सभी अतिथियों, प्रधानाचार्य, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने बच्चों में देशप्रेम, एकता, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।


