आगरा में एत्मादौला थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान की छत और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। मलबे में दबकर राजमिस्त्री समेत दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। राजमिस्त्री रामनरेश की एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरा मजदूर सोनवीर घायल है। घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सीता नगर स्थित एसए फैक्ट्री वाली गली में हुई। रामनरेश और सोनवीर पिछले करीब एक महीने से सूरज के निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे थे। अचानक छत और दीवार गिरने से दोनों मलबे में दब गए। बेटे ने ऑटो से पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद रामनरेश के परिजनों ने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पत्नी कुसुमा का आरोप है कि हादसे के बाद उनके पति को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। हालत बिगड़ने पर बेटे करन ने किसी तरह ऑटो की मदद से रामनरेश को एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान रामनरेश ने दम तोड़ दिया। पत्नी कुसुमा का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो शायद उनके पति की जान बच सकती थी। तहरीर पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू मृतक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सोनू पुत्र मनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और इलाज में देरी के आरोप समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।


