राष्ट्रगीत वंदे मातरम विवाद: सीएम मोहन यादव बोले- ‘देश से माफी मांगें राहुल और सोनिया’

राष्ट्रगीत वंदे मातरम विवाद: सीएम मोहन यादव बोले- ‘देश से माफी मांगें राहुल और सोनिया’

Vande Mataram Controversy: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम का कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपमान किए जाने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गायन में बाधा पैदा की गई और उसे अपमानित करने का कार्य किया गया। यह कार्य निंदनीय है, सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि उम्मीद है कि जल्द ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी वंदे मातरम का अपमान करने के लिए देश से माफी मांगेंगे।

देखें वीडियो-

वंदे मातरम का अपमान करना निंदनीय- सीएम

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज से वंदे मातरम का पूरा गीत लाल किले की प्राचीर से गवाया। यह गीत आनंदमठ फिल्म के माध्यम से दुनिया के सामने आया। वंदे मातरम वह नारा, वह गीत है, जिसे गा-गाकर आजादी के मतवालों ने जीवन को कुर्बान किया। ऐसे में वंदे मातरम के गीत का अपमान करना निंदनीय है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मैं यह मानकर चलता हूं कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी, सोनिया गांधी जिन्होंने भी अपमान किया, उन्हें देश से माफी मांगना चाहिए और मैं उम्मीद करता हूं कि वे जल्द ही अपनी गलती मानकर देश से माफी मांगेंगे।

आखिर क्या है विवाद?

बता दें कि 15 अगस्त को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन किया जा रहा था। इसी दौरान का एक वीडियो सामने आया है जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी दिख रही हैं। वीडियो में सोनिया गांधी राष्ट्रगीत के गायन के दौरान इशारा करते दिख रही हैं। भाजपा का आरोप है कि सोनिया गांधी वंदे मातरम के गान को रोकने के लिए इशारा कर रही थीं। इसे लेकर विवाद गर्माया हुआ है और भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है, हालांकि कांग्रेस की ओर से साफ किया गया है कि सोनिया गांधी वंदे मातरम गान को रोकने के लिए नहीं बल्कि काफी देर से खड़े मल्लिकार्जुन खरगे को बैठने का इशारा कर रही थीं। कांग्रेस की ओर से सफाई देने के बाद भी भाजपा की ओर से लगातार कांग्रेस पर हमला किया जा रहा है और राहुल गांधी व सोनिया गांधी पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते हुए देश से माफी मांगने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *