Tej Pratap Yadav Beur Jail: बिहार की राजधानी पटना स्थित बेउर जेल में तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों से कथित तौर पर लगातार 14 से 15 घंटे तक ड्यूटी कराए जाने का मामला सामने आया है। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बिहार सरकार से जेलकर्मियों की ड्यूटी का समय निर्धारित करने और उन्हें पर्याप्त आराम व नियमित अवकाश देने की मांग की है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि जेल में तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। वे कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में लंबे समय तक लगातार ड्यूटी और पर्याप्त आराम नहीं मिलने से उनके स्वास्थ्य और कार्यक्षमता पर असर पड़ सकता है। आपको बता दें कुछ दिनों पहले बिहार पुलिस ने तेज प्रताप यादव को एक मामले में गिरफ्तार कर बेउर जेल भेजा था। जिसके बाद चार दिन बाद बाहर आ गए थे।
14-15 घंटे ड्यूटी के आरोप की जांच की मांग
तेज प्रताप यादव के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिल रही है कि बेउर जेल में तैनात कई कर्मचारियों से लगातार 14-15 घंटे तक ड्यूटी ली जा रही है। उनका कहना है कि कर्मियों को पर्याप्त छुट्टी और आराम भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बिहार सरकार से इस पूरे मामले की तत्काल जांच कराने की मांग की है। तेज प्रताप ने कहा कि अगर कर्मचारियों की ओर से की जा रही शिकायत सही पाई जाती है तो सरकार को जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।
कर्मियों पर अनावश्यक कार्यभार न डाला जाए-तेज प्रताप
जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को बेउर जेल में तैनात कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए। उन्होंने मांग की कि उनकी ड्यूटी का समय उचित रखा जाए और नियमित अवकाश सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी पर अनावश्यक कार्यभार नहीं डाला जाना चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए जरूरी है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को पर्याप्त आराम मिले और उन्हें निर्धारित समय पर छुट्टी दी जाए।
‘पुलिसकर्मी बिहार का गौरव हैं’
तेज प्रताप यादव ने कहा कि पुलिसकर्मी बिहार का गौरव हैं और उनकी सेवाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, कर्मचारियों की बेहतर कार्यक्षमता के लिए ऐसा कार्य वातावरण जरूरी है, जिसमें उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव न हो। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपने कर्मचारियों के अधिकारों और सुविधाओं का ध्यान रखे। लंबे समय तक लगातार ड्यूटी कराने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे कर्मचारी पूरी क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। तेज प्रताप यादव ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि बेउर जेल में तैनात कर्मियों के लिए उचित ड्यूटी समय, पर्याप्त आराम और समय पर अवकाश सुनिश्चित किया जाना चाहिए।



80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रध्वज फहराया गया