स्वतंत्रता दिवस पर घोषित शराबबंदी के बावजूद कुशीनगर के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर चौराहे पर खुले में शराब पीने का मामला सामने आया है। शराब पी रहे लोगों ने बताया कि उन्हें दुकान के पीछे से अधिक कीमत पर शराब बेची गई थी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, 15 अगस्त को शराब की दुकानें बंद थीं, फिर भी कुछ लोग चौराहे पर खुलेआम शराब का सेवन करते देखे गए। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर बताया कि दुकान के पीछे से एक मुनीब द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर शराब बेची जा रही थी। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि यदि बंदी के दिन इस तरह से शराब की बिक्री हुई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। स्थानीय निवासियों ने आबकारी विभाग से पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की अपील की है। इस मामले के संबंध में जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, हालांकि उनसे संपर्क नहीं हो सका।


