IND vs SL: टी ब्रेक के बाद केएल राहुल के साथ क्या हुआ? बिना आउट हुए लौटे पवेलियन, जानें पूरा मामला

IND vs SL: टी ब्रेक के बाद केएल राहुल के साथ क्या हुआ? बिना आउट हुए लौटे पवेलियन, जानें पूरा मामला

India vs Sri Lanka 1st Test: गॉल टेस्ट के टी ब्रेक के बाद केएल राहुल बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए लेकिन अचानक उन्हें वापस लौटना पड़ा। 

IND vs SL 1st Test Update: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे गॉल टेस्ट के टी ब्रेक के बाद केएल राहुल मैदान पर आए और फिर बिना कोई गेंद खेले अचानक ड्रेसिंग रूम लौट गए। चाय के ब्रेक के बाद आखिरी सेशन का खेल दोबारा शुरू होने वाला था और केएल राहुल के साथ देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर आ चुके थे, लेकिन अचानक केएल राहुल ने अंपायर को अपने दाहिने हाथ में दर्द के बारे में बताया और दर्द से कराहते हुए ड्रेसिंग रूम की ओर लौट गए।

लंगड़ाते हुए लौटे राहुल

उनकी जगह शुभमन गिल बल्लेबाजी करने के लिए आए। जब केएल राहुल पवेलियन लौट रहे थे तो वह थोड़े से लंगड़ा रहे थे। आपको बता दें कि ड्रेसिंग रूम लौटने तक केएल राहुल ने 77 रन बना लिए थे, जिसमें 9 चौके और एक छक्का शामिल था। उनके साथ देवदत्त पडिक्कल 85 रन बनाकर नाबाद थे।

टीम इंडिया को मिली अच्छी शुरुआत

इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया की शुरुआत शानदार रही। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने टीम को अच्छी शुरुआत दी, लेकिन 11वें ओवर में यशस्वी जायसवाल रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 37 गेंद में 32 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके शामिल थे।

इसके बाद से केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी की और टीम इंडिया को चाय के ब्रेक तक कोई और झटका नहीं लगने दिया। दोनों ने अपना-अपना अर्धशतक पूरा किया और जब चाय के ब्रेक का समय खत्म हुआ और दोनों बल्लेबाज क्रीज पर दोबारा लौटे, तब केएल राहुल के साथ यह हादसा हुआ।

श्रीलंका के सभी गेंदबाज बेअसर

फिलहाल केएल राहुल की जगह शुभमन गिल बल्लेबाजी कर रहे हैं और टीम इंडिया 54 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 202 रन बना चुकी है। शुभमन गिल 2 रन बनाकर खेल रहे हैं, तो देवदत्त पडिक्कल ने 85 रन बना लिए हैं और वह अपने टेस्ट करियर के पहले शतक से सिर्फ 15 रन दूर हैं। दूसरी ओर श्रीलंका ने अब तक 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया है लेकिन कोई भी बॉलर विकेट हासिल नहीं कर सका है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *