आईआईटी कानपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने मुख्य सभागार परिसर में ध्वजारोहण किया। प्रो. अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति फॉर विकसित भारत 2047 का संकल्प युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही साकार हो सकता है और इसे नवाचार तथा प्रौद्योगिकी के विकास के माध्यम से ही हासिल किया जा सकता है। उन्होंने देश के लोगों के लिए नए समाधान विकसित करने में प्रौद्योगिकी की भूमिका पर प्रकाश डाला। अर्धवार्षिक पत्रिका का हुआ लोकार्पण डायरेक्टर प्रो. अग्रवाल ने आईआईटी कानपुर के नोएडा परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से स्थापित किए जा रहे प्रस्तावित डीप-टेक स्टार्टअप हब ‘यूहब (UHub)’ जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर संस्थान की अर्धवार्षिक हिंदी पत्रिका अंतस के 30वें संस्करण का भी लोकार्पण किया गया। जो परिसर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को समर्पित है। छात्रों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कैंपस स्कूल, अपॉर्च्युनिटी स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त, स्टाफ जिमखाना के तत्वावधान में कर्मचारियों तथा स्टूडेंट्स जिमखाना के अंतर्गत विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।


