सीकर में 40 साल की महिला को अकेली जाती देख 2 युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान दोनों युवकों ने महिला को गाली भी दी। मामले में पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जांच सीओ रैंक के ऑफिसर कर रहे हैं। आरोपियों ने बेटे और देवर के साथ भी मारपीट की इस संबंध में महिला ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि 12 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे के लगभग वह किसी काम के सिलसिले में दूसरे गांव गई थी। जब वापस लौट रही थी तो रास्ते में पड़ोस की ढाणी के रहने वाले दो युवकों ने अकेला देखकर उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला के चिल्लाने पर दोनों वहां से भाग गए। इसके बाद जब महिला के बेटे और देवर ने दोनों युवकों को उलाहना दिया तो दोनों ने उनके साथ भी मारपीट की। मुकदमा दर्ज करवाने पर नुकसान करने की धमकी दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 35 साल की महिला लापता सीकर जिले में 35 साल की महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई है कि उनकी पत्नी 10 अगस्त की सुबह घर से शहर जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद से उनकी पत्नी का कुछ पता नहीं चल पाया है। 22 साल की युवती रात को लापता सीकर में 22 साल की युवती के भी लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के भाई ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करवाई है कि उसकी बहन 11 अगस्त की रात को लापता हो गई। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।


