इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव शनिवार सुबह 8 बजे जिला को-ऑपरेटिव बैंक पहुंचे, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यातिथि के तौर पर शामिल हुए। मीडिया से बात करते हुए शिवपाल यादव ने समस्त प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने आगे बात करते हुए रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी पर चल रही कार्रवाई, भाजपा की राजनीति और उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा और समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी पर चल रही कार्रवाई को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि यह गोरखपुर से भी अच्छी यूनिवर्सिटी है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए आजम खान ने देश-विदेश से चंदा जुटाया था। इसमें समाजवादी पार्टी के सांसदों ने भी सहयोग किया था। आरोप लगाया कि जानबूझकर यूनिवर्सिटी को तोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। भाजपा पर लगाया तोड़ने की राजनीति का आरोप शिवपाल यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा तोड़ने का काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास ज्ञान नहीं है और वह हमेशा झूठ बोलती है। शिवपाल ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठ को तोड़ने का काम भी समाजवादी पार्टी ही करेगी। सदर विधायक के वायरल वीडियो पर बोले शिवपाल इटावा की सदर विधायक सरिता भदौरिया के कथित तौर पर गाली-गलौज वाले वायरल वीडियो को लेकर भी शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सत्ता का मद बोल रहा है। शिवपाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा नई-नई बातें और अभियान चला रही है, जबकि दूसरी तरफ इटावा की भाजपा महिला विधायक के बयान को देखा जा सकता है कि वह किस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं। 2027 में सरकार बनाने का दावा शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत हासिल करेगी और प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में सत्ता परिवर्तन देखने को मिलेगा।
इस मौके पर बदायूं सांसद आदित्य यादव समेत कॉपरेटिव के सदस्य, कर्मचारी और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


