भोपाल में पहली बार मेट्रो 1 दिन में 62 से 70 ट्रिप लगाएगी। सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन से एम्स के लिए पहली ट्रेन दोपहर 12 बजे से चलेगी। पीक ऑवर्स में हर 15 मिनट में मेट्रो में सफर हो सकेगा। पहले सुबह 9.30 बजे से मेट्रो चल रही थी, लेकिन पैसेंजर नहीं मिलने से एक बार फिर शेड्यूल बदला गया। वीकेंड यानी, रविवार और सावर्जनिक अवकाश वाले दिनों में मेट्रो के 70 फेरे लगेंगे। रात 8.30 बजे तक लोग मेट्रो में सफर कर सकते हैं। 17 अगस्त से नया शेड्यूल लागू होगा। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, नई समय-सारणी के तहत अब सप्ताह के सभी दिनों में यात्रियों को हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। पूरे परिचालन समय में समान अंतराल पर मेट्रो का संचालन होगा। सुभाषनगर से दोपहर 12 बजे से शुरुआत नए शेड्यूल के अनुसार, सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो प्रतिदिन सुबह 11.30 बजे और एम्स स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे रवाना होगी। सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सेवा सुबह 11.30 से शाम 7.30 बजे तक संचालित होगी। इस दौरान सुभाष नगर स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7 बजे और एम्स स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7.30 बजे रवाना होगी। इन दिनों कुल 62 फेरे (दोनों दिशाओं सहित) संचालित किए जाएंगे। रविवार को यह शेड्यूल रहेगा
वहीं, रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो सेवा सुबह 11.30 से रात 8.30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इन दिनों सुभाष नगर स्टेशन से अंतिम मेट्रो रात 8 बजे और एम्स स्टेशन से अंतिम मेट्रो रात 8.30 बजे रवाना होगी। रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश पर कुल 70 फेरे (दोनों दिशाओं सहित) संचालित किए जाएंगे। सोमवार से शनिवार तक इस टाइमिंग में चलेगी मेट्रो सिंग्नलिंग सिस्टम के चलते टाइमिंग बढ़ाई
बता दें कि मेट्रो के सिंग्नलिंग सिस्टम को कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) ने जुलाई में हरी झंडी दी थी। 25 जुलाई से मेट्रो दोनों ही ट्रैक पर दौड़ रही है। पिछले साल दिसंबर में जब इसकी शुरुआत हुई थी, तब से अब तक सिर्फ ट्रैक पर ही मेट्रो चलाई जा रही थी। इस वजह से स्टेशन से एक मेट्रो के निकल जाने के बाद दूसरी मेट्रो 75 मिनट के अंतराल में मिल रही थी। अब टाइमिंग और स्पीड दोनों में ही अंतर आएगा। 800 करोड़ रुपए में नया सिस्टम
बता दें कि पिछले महीने ही भोपाल में मेट्रो संचालन की सुस्त रफ्तार को तेज करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया था। सुभाष नगर से एम्स के बीच प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सिग्नलिंग सिस्टम का काम पूरा हो गया। करीब 30 किमी के लिए हुए करीब 800 करोड़ रुपए के टेंडर का यह पहला चरण है। डिजिटल टिकटिंग…डिस्काउंट पॉलिसी लागू
मेट्रो प्रबंधन ने आकर्षक प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी भी लागू की है। इसके अंतर्गत रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत और ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। इसके अलावा एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप के माध्यम से ई-वॉलेट रिचार्ज करने वाले यात्रियों को रिचार्ज राशि के आधार पर 8 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक अतिरिक्त बोनस राशि का लाभ मिलेगा। 200 से 499 रुपए तक के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, 500 से 999 रुपए तक 10 प्रतिशत, 1000 से 1499 रुपए तक 12 प्रतिशत और 1500 से 2000 रुपए तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस राशि प्रदान की जाएगी। इस पहल के माध्यम से यात्रियों को आसान डिजिटल टिकटिंग, कैशलेस भुगतान, अधिक बचत और बेहतर यात्रा अनुभव एक साथ उपलब्ध होगा। 15 मिनट पहले पहुंच सकते हैं यात्री
यात्रियों के लिए पहली मेट्रो के निर्धारित प्रस्थान के समय से 15 मिनट पूर्व खोल दिए जाएंगे। इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश, सुरक्षा जांच एवं प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए टिकटिंग की व्यवस्था प्रत्येक स्टेशन पर निर्धारित प्रवेश/निकास द्वार पर उपलब्ध रहेगी। इसके अनुसार सुभाष नगर स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, केंद्रीय विद्यालय स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, बोर्ड ऑफिस स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, एमपी नगर स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, रानी कमलापति स्टेशन पर गेट क्रमांक-2, डीआरएम ऑफिस स्टेशन पर गेट क्रमांक-3, अलकापुरी स्टेशन पर गेट क्रमांक-3 तथा एम्स स्टेशन पर गेट क्रमांक-1 पर मैनुअल टिकटिंग सुविधा उपलब्ध रहेगी।


