स्वतंत्रता दिवस से पहले बरेली में हाई अलर्ट:रेलवे स्टेशन-होटलों में सघन चेकिंग, एसपी सिटी ने पुलिस बल के साथ चलाया अभियान, संदिग्धों से पूछताछ और होटल रजिस्टर खंगाले

स्वतंत्रता दिवस से पहले बरेली में हाई अलर्ट:रेलवे स्टेशन-होटलों में सघन चेकिंग, एसपी सिटी ने पुलिस बल के साथ चलाया अभियान, संदिग्धों से पूछताछ और होटल रजिस्टर खंगाले

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बरेली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। शुक्रवार रात शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, गेस्ट हाउस, ढाबे और रेस्टोरेंट में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। वहीं संदिग्ध वस्तुओं की भी जांच की गई। एसपी सिटी मानुष पारीक ने पुलिस बल के साथ बरेली जंक्शन और उसके आसपास के इलाकों में चेकिंग की। उनके साथ कोतवाली पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम भी मौजूद रही। पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले लोगों और उनके सामान की जांच की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्टेशन के आसपास भी निगरानी की गई। होटल और गेस्ट हाउस में रजिस्टर चेक
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास स्थित होटल और गेस्ट हाउस भी चेक किए। यहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई गई। होटल संचालकों से रजिस्टर दिखाने को कहा गया। पुलिस ने रजिस्टर में दर्ज एंट्री और ठहरने वाले लोगों की जानकारी का भी मिलान किया।
इसके साथ ही रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस ने चेकिंग की। संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने संचालकों और कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए। बस स्टैंड और प्रमुख स्थानों पर भी निगरानी
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की अतिरिक्त निगरानी रही। बस स्टैंड पर भी पुलिस टीम ने यात्रियों और आसपास के संदिग्ध लोगों की चेकिंग की। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर लावारिस सामान और संदिग्ध वस्तुओं पर नजर रखने के निर्देश दिए। एसपी सिटी मानुष पारीक ने होटल संचालकों और संबंधित कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का फोकस किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोकने और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *