स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर “आजादी का जश्न नारी शक्ति के संग” के तहत चारों तरफ शहर में पुलिस रैली निकाली गई। जहां शुक्रवार शाम “मिशन शक्ति स्कूटी रैली” का भव्य आयोजन किया गया। इस स्कूटी रैली का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने पुलिस लाइन में किया। इस मौके पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी, डीसीपी धवल जायसवाल, डीसीपी त्रिगुण बिसेन, एडिशनल डीसीपी पीयूष सिंह भी मौजूद रहे। महिला एसीपी हेलमेट लगाकर सबसे आगे गाजियाबाद में एसीपी ट्रैफिक सुचिता सिंह, एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल, और 400 अन्य महिला पुलिसकर्मियों ने स्कूटी रैली निकाली। ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी रैली में शामिल हुईं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि यह रैली उत्तर प्रदेश पुलिस के “मिशन शक्ति” अभियान के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन के सशक्त संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की गई। रैली में कमिश्नरेट गाजियाबाद में नियुक्त महिला पुलिस अधिकारी/पुलिस कर्मी द्वारा प्रतिभाग किया गया। रैली गाजियाबाद पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर में प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से गुजरती हुई सुरक्षित नारी सुरक्षित समाज के संदेश को नागरिकों के बीच ले गई। नागरिकों ने मार्गों पर खड़े होकर महिला पुलिस अधिकारियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। रैली का उद्देश्य जानिए मिशन शक्ति स्कूटी रैली का उद्देश्य था कि नारी सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता फैलाना। इसके अलावा नारी सम्मान की भावना को समाज में सुदृढ़ करना। नारी स्वावलंबन को प्रोत्साहित करना “सशक्त नारी – सशक्त समाज सशक्त भारत” के संकल्प को साकार करना। महिलाओं के प्रति समाज की सोच को परिवर्तित करना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना। साथ ही यह दर्शाना कि महिला पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। मिशन शक्ति के बारे में एक नजर मिशन शक्ति उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित एक विशेष अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को सुनिश्चित करना है। इस अभियान के तहत समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम, महिला हेल्पलाइन संख्या 112 के प्रति जागरूकता, स्कूलों, कॉलेजों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण, तथा महिला पुलिस पेट्रोलिंग को मजबूत करने जैसे अनेक कार्यक्रम चलाए जाते हैं। वर्तमान स्कूटी रैली भी इसी अभियान का हिस्सा रही।


