Sri Lanka vs India, 1st Test: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाएगा। गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। इस दौरान गिल ने कई अहम सवालों के जवाब दिये।
श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को कायम रखना चाहेगी। कप्तान गिल का कहना है कि टीम का मुख्य लक्ष्य अगले साल होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में जगह बनाना है।
भारत को जीतने होंगे सभी मैच
भारत डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में फिलहाल पांचवें नंबर पर मौजूद है। जून 2027 में ओवल के मैदान पर होने वाले डब्ल्यूटीसी फाइनल में जगह बनाने के लिए भारतीय टीम को अपने बचे हुए लगभग सभी मैचों में जीत दर्ज करनी होगी।
गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बातचीत करते हुए कहा, “मैं अपनी भूमिका से बहुत सहज हूं, और मुझे लगता है कि पिछले एक साल में हमने जिस तरह से प्रगति की है, वह मेरे नजरिए से बहुत सुखद रही है, और मुझे लगता है कि हम सही दिशा में सही कदम उठा रहे हैं।”
गिल WTC के लिए क्वालिफाई करना चाहते हैं
गिल ने आगे कहा, “जाहिर है कि मुख्य लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेलना है, जो अगले साल होना है। हमारे पास लगभग 9 टेस्ट मैच हैं, और मुझे लगता है कि क्वालिफाई करने का अच्छा मौका पाने के लिए हमें उनमें से छह या सात मैच जीतने होंगे। इसी वजह से उस लिहाज से मुझे लगता है कि यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण सीरीज है, और हमने सीरीज से पहले सही तरह की तैयारियां की है।”
पिछले दौरों के विपरीत भारतीय टीम इस बार श्रीलंका जल्दी पहुंची है। इसके साथ ही टीम ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय वॉर्मअप मैच में भी हिस्सा लिया था। गिल ने कहा, “खिलाड़ियों के लिए हालात के अनुसार ढलना कभी आसान नहीं होता, और मुझे लगता है कि इस टीम के ज्यादातर खिलाड़ियों को वहां के हालात के हिसाब से खुद को ढालने के लिए थोड़ा समय चाहिए होता है। ऐसा नहीं है कि ज्यादातर खिलाड़ियों ने बहुत सारे मैच खेले हैं या उनके पास बहुत अधिक अनुभव है, इसलिए तैयारी के लिए मिला अतिरिक्त समय निश्चित रूप से मददगार साबित होता है।”
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद कप्तान गिल ने टीम के तेज गेंदबाजी अटैक पर भरोसा जताया है। उन्होंने खासतौर पर प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ की है। भारतीय कप्तान ने कहा, “गुरनूर बरार बेहतरीन गेंदबाज हैं क्योंकि वह पुरानी गेंद से भी अच्छी रफ्तार और उछाल हासिल कर सकते हैं, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा हाल के दिनों में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, जैसा कि हमने वॉर्मअप मैच में देखा है। इसी वजह से यह फैसला करना मुश्किल है। प्रसिद्ध अपने करियर की सबसे बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं।”
गिल ने आगे कहा, “बुमराह टीम में नहीं हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह दूसरे गेंदबाजों के लिए आगे बढ़कर सीरीज में अपनी छाप छोड़ने का एक बहुत अच्छा मौका है। विकेट लेने के लिए आपको अलग-अलग चीजें आजमानी पड़ती हैं। आपको मौके बनाने होते हैं, खासकर पहले और दूसरे दिन। हो सकता है कि विकेट से ज्यादा मदद न मिले। ऐसे में आप दबाव कैसे बना सकते हैं? आप खेल को अपने हाथों से बहुत अधिक दूर जाने से कैसे रोक सकते हैं? इसके लिए अलग-अलग तरह की क्रिएटिव फील्डिंग सेट करना जरूरी है।”
देवदत्त पडिक्कल की प्रशंसा की
कप्तान शुभमन गिल ने वॉर्मअप मैच में शतकीय पारी खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “देवदत्त पहले भी इंडिया ए के साथ यहां आ चुके हैं और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। देवदत्त में इस फॉर्मेट में सफल होने के लिए जरूरी सभी कौशल और क्षमता है। ऐसे खुले मैदानों पर हवा कभी-कभी अहम भूमिका निभाती है।”
गिल ने आगे कहा, “एक बल्लेबाज के तौर पर टीम मीटिंग में भी हम इस बारे में बात करते हैं कि अगर हमें स्पिनर के खिलाफ आक्रामक खेलना है, तो हमें यह देखना होगा कि हवा हमारे पक्ष में है या हमारे खिलाफ। हम उस स्थिति का अपने फायदे के लिए कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं, बजाय इसके कि हम उसके खिलाफ जाने की कोशिश करें। शायद श्रीलंका और भारत में खेलने के बीच यही एक फर्क है। भारत में ज्यादातर मैदान स्टैंड से घिरे हुए (बंद) होते हैं। खुले मैदानों में हवा बहुत बड़ी भूमिका निभाती है।”


