मुंबई। मुंबई की लोकल ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को 15 अगस्त से बड़ी राहत मिलने वाली है। मध्य रेलवे मुख्य लाइन पर चलने वाली 22 और लोकल ट्रेनों को 12 की जगह 15 कोच का करने जा रहा है। इससे इन ट्रेनों में यात्रियों को 25 फीसदी ज्यादा जगह मिलेगी। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि तीन अतिरिक्त कोच जुड़ने से प्रत्येक ट्रेन की यात्री क्षमता 25 फीसदी बढ़ जाएगी।
22 ट्रेनों के कोच बढ़ाए जाएंगे
22 ट्रेनों के अपग्रेड होने के बाद मध्य रेलवे पर 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों की संख्या 32 से बढ़कर 54 हो जाएगी। इनमें 11 ट्रेनें व्यस्त समय में चलेंगी। रेलवे के अनुसार लोकल ट्रेनों की कुल संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। मध्य रेलवे की मुंबई उपनगरीय सेवाओं में कुल 1,820 लोकल ट्रेनें पहले की तरह चलती रहेंगी। केवल 22 ट्रेनों के कोच बढ़ाए जाएंगे। 15 कोच वाली अपग्रेड की गई लोकल ट्रेनें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कर्जत और खोपोली के बीच चलेंगी। इससे अंबरनाथ, बदलापुर, कर्जत और खोपोली आने-जाने वाले यात्रियों को ज्यादा फायदा मिलेगा।
लोकल ट्रेनों की संख्या 54 हो जाएगी
मध्य रेलवे ने मुंबई की लोकल सेवा में पहली 15 कोच वाली ट्रेन 16 अक्टूबर 2012 को शुरू की थी। उस समय ऐसी 16 ट्रेनें चलती थीं। इसके बाद 4 मार्च 2019 को छह और सेवाओं को 15 कोच में बदला गया। इससे इनकी संख्या बढ़कर 22 हो गई थी। रेलवे ने 4 अप्रेल 2019 से छह और 15 कोच वाली सेवाएं शुरू कीं। इसके बाद इनकी संख्या 28 हो गई। 20 जुलाई 2026 से 12 कोच वाली 10 और लोकल ट्रेनों को 15 कोच में बदला गया, जिससे संख्या 32 तक पहुंच गई थी। अब 15 अगस्त से 22 और सेवाओं के कोच बढ़ाए जाएंगे। इसके बाद मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर 15 कोच वाली लोकल ट्रेनों की संख्या 54 हो जाएगी।
यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद
इससे खासकर व्यस्त समय में लोकल से सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे पहले केंद्र सरकार मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क के लिए 238 नई एसी लोकल ट्रेनों को मंजूरी दे चुकी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार इन ट्रेनों का निर्माण तेजी से किया जाएगा और नई सुविधाओं वाली पहली एसी लोकल ट्रेन 2027 तक यात्रियों के लिए उपलब्ध कराए जाने की योजना है। उन्होंने मुंबई लोकल को शहर की लाइफलाइन बताते हुए कहा था कि नई ट्रेनों से यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।


