सवाई माधोपुर के पुराने शहर में सावन मास के अवसर पर सौरती बाजार महिला मंडल की ओर से कांवड़ यात्रा निकाली गई। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान महिलाएं डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए कांवड़ लेकर आगे बढ़ीं। इस दौरान पूरा पुराना शहर भगवान शिव की भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। महिलाओं ने रास्तेभर भोलेनाथ के जयकारे लगाए, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिला मंडल ने निकाली कांवड़ यात्रा
प्रशीष मंगल ने बताया कि सावन मास के पावन अवसर पर सौरती बाजार महिला मंडल की ओर से कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। कांवड़ यात्रा की शुरुआत सौरती बाजार स्थित दंडवीर बालाजी मंदिर से हुई। यहां से महिलाएं कांवड़ लेकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए आगे बढ़ीं। यात्रा खंडार तिराहे पर पहुंची, जहां से कांवड़ यात्रा रामद्वारा के लिए रवाना हुई। रामद्वारा पहुंचने के बाद विधि-विधान से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिलाओं ने कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की। कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे रास्ते महिलाएं भजनों और डीजे की धुन पर नाचती-गाती नजर आईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भी कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। सावन के महीने में होने वाले इस धार्मिक आयोजन से पुराने शहर में दिनभर भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।


