सागर पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन बेटिंग के पैसों का लेन-देन करने वाली गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपियों से पूछताछ में अब तक 16 से ज्यादा फर्जी फर्मों का पता चला है। इनसे जुड़े बैंक खातों में करीब 5.50 करोड़ रुपए से ज्यादा के ट्रांजेक्शन के साक्ष्य मिले हैं। मामले में तीन आरोपी फरार हैं। एसपी अनुराग सुजानिया ने शुक्रवार को मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को मकरोनिया थाने में रोहित पिता रूपराज पटेल ने शिकायत की थी। उसने बताया था कि उसके दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसके नाम से फर्जी फर्म बनाई गई और फेडरल बैंक की मकरोनिया शाखा में करंट अकाउंट खुलवाया गया। पुलिस ने बैंक खाते की जांच की तो सामने आया कि रोहित के नाम से ग्लैमर इंटरप्राइजेस फर्म बनाई गई थी। फरवरी 2026 से करीब छह महीने में इस खाते से करीब 90 लाख रुपए का लेन-देन हुआ था। इसके बाद पुलिस ने खातों, फर्मों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। जरूरतमंद लोगों के डॉक्यूमेंट लेकर खुलवाते थे खाते जांच में पुलिस ने धर्मेंद्र नाहर और सोनू दांगी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में धर्मेंद्र ने बताया कि उसने भोपाल निवासी अमित विश्वकर्मा से मुंबई में यह काम सीखा था। अमित ने उसे बताया था कि ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से मिले पैसों को आगे भेजने के लिए बैंक खातों की जरूरत होती है। इसके बाद धर्मेंद्र ने सोनू दांगी और भोपाल के सरमन उर्फ शुभम रैकवार, विपिन गिरी और स्वर्णेंद्र पांडे के साथ मिलकर बेरोजगार और जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच दिया। उनके दस्तावेज लेकर उनके नाम से फर्जी फर्में बनाईं और निजी बैंकों में खाते खुलवाए। इन्हीं खातों से पैसों का लेन-देन किया जाता था। 16 से ज्यादा फर्जी फर्मों का पता चला पुलिस को जांच में अब तक 16 से ज्यादा फर्जी फर्मों की जानकारी मिली है। इनमें ग्लैमर इंटरप्राइजेस, भूपेन्द्र इंटरप्राइजेस, सूर्या इंटरप्राइजेस, समृद्धि टूर एंड ट्रेवल्स, लवली स्वीट एंड मसाला चाट सेंटर, कार्तिक इलेक्ट्रॉनिक्स, स्टार इंटरप्राइजेस, राजपूत इंटरप्राइजेस, अनुभव ट्रेडर्स, सागर ट्रेडर्स, शर्मा जी इंटरप्राइजेस, सौरभ इंटरप्राइजेस, माखान इंटरप्राइजेस, अंकेश इंटरप्राइजेस, तनविक इंटरप्राइजेस और यूनिक टूर एंड ट्रेवल्स शामिल हैं। इन फर्मों से जुड़े बैंक खातों की शुरुआती जांच में करीब 5.50 करोड़ रुपए से ज्यादा के ट्रांजेक्शन का पता चला है। 2 गिरफ्तार, 3 आरोपी फरार पुलिस ने धर्मेंद्र पिता हरिदास नाहर (38), निवासी सिविल लाइन के पीछे खजुराहो, हाल निवासी शिवनगर बहेरिया और सोनू पिता रामेश्वर दांगी (28), निवासी ग्राम बमोरी घाट, जैसीनगर को गिरफ्तार किया है। मामले में अमित पिता जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, विपिन गिरी पिता अशोक गिरी और स्वर्णेंद्र पिता चंद्रभान पांडे, तीनों निवासी भोपाल, फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बैंक खातों और लेन-देन की जांच जारी एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि सभी बैंक खातों के लेन-देन का वित्तीय विश्लेषण किया जा रहा है। फर्जी फर्मों के पंजीयन और बैंक खाते खुलवाने की प्रक्रिया की भी जांच हो रही है। जांच आगे बढ़ने पर संदिग्ध लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है।


