स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले नागौर शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर में अलग-अलग संगठनों और संस्थाओं की ओर से तिरंगा रैलियां एवं यात्रा निकाली गईं। NCC कैडेट्स, छात्राओं, मुस्लिम समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश दिया। तिरंगे से सजी सड़कों और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। भाजपा की तिरंगा यात्रा, शहीद स्मारक पहुंची भारतीय जनता पार्टी नागौर की ओर से शाम 4 बजे भाजपा कार्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मुंडवा चौराहा स्थित शहीद स्मारक पहुंची। यात्रा में खींवसर विधायक रेवंत राम डांगा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामधन पोटलिया सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के दौरान शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। NCC कैडेट्स ने अनुशासन के साथ निकाली रैली श्री बलदेवराम मिर्धा राजकीय महाविद्यालय में NCC कैडेट्स की तिरंगा रैली निकाली गई। रैली को प्राचार्य डॉ. हरसुखराम छरंग ने रवाना किया। कैडेट्स हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ शहर की सड़कों पर निकले। NCC कैप्टन प्रेमसिंह बुगासरा ने बताया कि रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। छात्राओं ने दिया ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश माडीबाई मिर्धा राजकीय कन्या महाविद्यालय में NSS, नई किरण नशा मुक्ति केंद्र, ELC क्लब, महिला प्रकोष्ठ एवं स्काउट रेंजर के संयुक्त तत्वावधान में तिरंगा रैली निकाली गई। NSS कार्यक्रम अधिकारी कविता भाटी के निर्देशन में छात्राओं और स्वयंसेविकाओं ने रैली में हिस्सा लिया। प्राचार्य माया जाखड़ ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। छात्राओं ने ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ का संदेश देने के साथ नशा मुक्ति अभियान के तहत ‘नशा ना करेंगे, ना करने देंगे’ का संकल्प भी लोगों तक पहुंचाया। मुस्लिम समाज की बाइक रैली में दिखा भाईचारा मुस्लिम समाज की ओर से भी दरगाह रोड से भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची। बड़ी संख्या में समाजजन बाइक पर तिरंगा लेकर शामिल हुए। रैली के दौरान भारत माता की जय के नारों से शहर गूंज उठा। युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। आयोजकों ने कहा कि देश की मजबूती और तरक्की के लिए सभी समाजों को मिलकर आगे बढ़ना होगा। तिरंगा देश की आन, बान और शान है और इसकी छांव में सभी भारतीय एकजुट हैं।


