संभल में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फ़िरोज़ ख़ां के निजी कार्यालय पर शुक्रवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आज़म ख़ां का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर केक काटा गया और उनकी जल्द से जल्द जेल से रिहाई के लिए दुआएं की गईं। इस मौके पर फ़िरोज़ ख़ां ने आरोप लगाया कि मोहम्मद आज़म ख़ां पर निराधार, झूठे और मनगढ़ंत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रामपुर प्रशासन ने द्वेष की भावना से लगभग 180 फर्जी मामले दर्ज कर पुलिस की सांठगांठ से उन्हें सजा दिलाने की साजिश रची है। यह कार्रवाई पूरी तरह बदले की भावना से प्रेरित है। फ़िरोज़ ख़ां ने आगे कहा कि मंडल और जनपद के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों की साजिश के कारण आज़म ख़ां दो साल से अधिक समय से जेल में हैं। उन्होंने बताया कि आज़म ख़ां का पूरा जीवन जनसेवा और शिक्षा के उत्थान को समर्पित रहा है। उन्होंने रामपुर में कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना के साथ मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की भी नींव रखी है। कार्यक्रम में करीब 77 वर्षीय आज़म ख़ां की राजनीतिक और सामाजिक सेवाओं की सराहना की गई और उनकी रिहाई की मांग दोहराई गई। इस अवसर पर जबर सिंह यादव, साद अदील फैज़ान शाही, इमरान नासिर असरार, गौरव यादव, तस्लीम कबीर अंसारी, रहीस प्रधान, विरेश, रामरहिस यादव, गुलाम मुस्तुफ़ा, संजीव गुप्ता, अमरपाल यादव, आलम, साबिर, राकेश, अबुज़र, मोनिस, आरिफ़ ख़ां, मोहम्मद शान और बिलाल ख़ां सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


