बेंगलुरू। कन्नड़ सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म नहीं बल्कि उनका विवादों से घिरा नाम है। रेणुकास्वामी हत्याकांड में आरोपी पवित्रा गौड़ा को हाल ही में कर्नाटक हाईकोर्ट से उस समय फटकार का सामना करना पड़ा, जब जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी के दौरान उन पर हेडफोन इस्तेमाल करने का आरोप लगा। हालांकि पवित्रा गौड़ा ने इन आरोपों से इनकार किया, लेकिन कोर्ट ने उनकी सफाई को खारिज करते हुए जेल प्रशासन से लिखित स्पष्टीकरण मांगा। आइए जानते हैं कि आखिर पवित्रा गौड़ा कौन हैं और जून 2024 के इस चर्चित रेणुकास्वामी हत्याकांड से उनका क्या संबंध है।
कौन हैं पवित्रा गौड़ा?
पवित्रा गौड़ा कन्नड़ फिल्मों की अभिनेत्री, मॉडल और फैशन डिजाइनर हैं। उन्होंने ‘छत्रिगलु सार छत्रिगलु’, ‘अगम्या’ और ‘प्रीति किताबु’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। इसके अलावा वे एक फैशन बुटीक भी चलाती हैं। पवित्रा पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर तब चर्चा में आईं, जब कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार दर्शन थुगुदीपा के साथ उनके करीबी रिश्तों और अफेयर की खबरें सामने आईं।
रेणुकास्वामी हत्याकांड में कैसे जुड़ा नाम?
न्यूज 18 की खबर के मुताबिक बेंगलुरू पुलिस की जांच में रेणुकास्वामी हत्याकांड में पवित्रा गौड़ा को मुख्य आरोपी और सुपरस्टार दर्शन को आरोपी नंबर 2 बनाया गया है। पुलिस का आरोप है कि चित्रदुर्ग निवासी 33 वर्षीय रेणुकास्वामी ने इंस्टाग्राम पर पवित्रा गौड़ा को कुछ आपत्तिजनक और भद्दे मैसेज भेजे थे। आरोप है कि इन्हीं मैसेज से नाराज होकर दर्शन और उनके साथियों ने रेणुकास्वामी के अपहरण और हत्या की साजिश रची।
बेंगलुरू पुलिस ने कोर्ट में पेश की गई 3,991 पन्नों की चार्जशीट में पवित्रा और दर्शन सहित कुल 17 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने अगस्त 2025 में पवित्रा को गिरफ्तार किया था और वे तब से जेल में बंद हैं। चार्जशीट में पवित्रा पर अपहरण, मारपीट और हत्या के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। हालांकि, पवित्रा गौड़ा ने खुद पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
क्या था पूरा रेणुकास्वामी मर्डर केस?
पुलिस जांच के मुताबिक, जून 2024 में चित्रदुर्ग से रेणुकास्वामी का अपहरण कर मारपीट की गई। बाद में उसका शव बेंगलुरू के एक नाले से बरामद हुआ था, जिसके बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले का खुलासा हुआ। दूसरी ओर, मृतक रेणुकास्वामी की पत्नी ने सोशल मीडिया पर भद्दे मैसेज भेजने के दावों को खारिज करते हुए कहा था कि अगर मेरे पति ने कोई गलत टिप्पणी की भी थी, तो उन्हें चेतावनी दी जा सकती थी। उन्हें इस तरह मार डालने की क्या जरूरत थी? चाहे कोई कितना भी बड़ा स्टार क्यों न हो, मुझे अपने पति के लिए इंसाफ चाहिए।


