कानपुर में 300 महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली तिरंगा बाइक रैली:पुलिस कमिश्नर ने कहा- हर बेटी को पढ़ने और आगे बढ़ने का मिले पूरा मौका

कानपुर में 300 महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली तिरंगा बाइक रैली:पुलिस कमिश्नर ने कहा- हर बेटी को पढ़ने और आगे बढ़ने का मिले पूरा मौका

80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देते हुए रिजर्व पुलिस लाइन से महिला सशक्तिकरण तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने तिरंगा फहरा कर रैली का शुभारंभ किया। 200 बाइकों के साथ 300 महिला पुलिसकर्मियों ने रैली की कमान संभाली। पांच किलोमीटर की लंबी बाइक रैली ने महिलाओं को सुरक्षा का एहसास कराया, साथ ही प्रमुख स्थानों पर महिला जवानों ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार की ओर से चलायी जा रही योजनाओं के बारे में बताया। एडीसीपी हेडक्वार्टर स्नेहा तिवारी ने बताया कि कानपुर पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करना प्रमुख उद्देश्य है। शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व महिला सशक्तिकरण को लेकर कानपुर रिजर्व पुलिस लाइन से बाइक रैली का आयोजन किया गया। इन स्थानों से होकर गुजरी बाइक रैली बाइक रैली का शुभारंभ पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा, डॉ विपित ताडा ने तिरंगा फहरा कर किया। बाइक रैली पुलिस लाइन से होकर पंचमुखी मंदिर, हडर्ड स्कूल, परेड चौराहा, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, फूलबाग, सरसैया घाट, डीएम आवास होते हुए पुलिस लाइन पहुंची। तिरंगे रंग के गुब्बारों से सजी बाइक व हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहित महिला पुलिस कर्मियों ने रैली निकाली। इस दौरान शक्ति नारी की पहचान है, समाज की यही शान है… नारी को दो शिक्षा की मशाल, तभी बनेगा देश खुशहाल… अधिकारों को जब पाए नारी, तभी देश की तरक्की हो भारी…. के नारे लगे। बाइक रैली के दौरान पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कहा कि जब एक नारी शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनती है, तब पूरा परिवार, समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है। हर बेटी को पढ़ने और आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। महिलाओं का अपने पैरों पर खड़ा होना और फैसले खुद लेना जरूरी है। समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल और आदर का भाव होना चाहिए। हर क्षेत्र में उनकी बराबर की भागीदारी हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *