प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा बसहरा उपरहार में हुआ। महिला परानू बाबा मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। वह ट्रैक्टर के अगले हिस्से में बैठी थी। अचानक बारिश आने पर भीगने से बचने के प्रयास में उसका पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान बसहरा उपरहार निवासी मंगलेश्वर आदिवासी की पत्नी राधा (19) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।शंकरगढ़ थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने बताया कि बारिश से बचने के लिए महिला ट्रैक्टर के आगे बैठी थी। पैर फिसलने से वह नीचे गिर गई और ट्रैक्टर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि राधा की शादी मई महीने में हुई थी। शादी के कुछ ही महीने बाद हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है।


